कानपुर: भाजयुमो नगर मंडल मंत्री को चौकी में बंद कर पीटा, कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाना घेर लिया
कानपुर: यूपी के कानपुर में भाजयुमो पदाधिकारी को रामदेवी चौकी में बंद कर के पीटा गया। भड़के कार्यकर्ताओं ने रविवार रात थाने का घेराव कर हंगामा किया। पीड़ित का आरोप है कि बाल पकड़कर थप्पड़ जड़े गए। एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। एसीपी ने जांच कर कार्यवाई करने का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
चकेरी थाना क्षेत्र स्थित लालबंगला सफीपुर प्रथम निवासी सौरभ निषाद ने बताया कि वह भाजयुमो हरजिन्दर नगर मंडल में मंत्री हैं। उनके पिता रामदेवी में सब्जी की दुकान लगाते हैं। वह रविवार दोपहर दो बजे पिता को टिफिन लेकर खाना देने जा रहे थे। इस दौरान मोहल्ले की गली में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। रामादेवी चौकी इंचार्ज और चार से पांच पुलिस कर्मी पहुंचे। उन्होंने ने पांच लोगों के साथ मुझे भी जुआ खेलने के आरोप में पकड़ लिया।











