हमीदिया की सातवीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत:दस साल से किडनी की परेशानी से जूझ रहा था मरीज; अस्पताल में दम तोड़ा

हमीदिया की सातवीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत:दस साल से किडनी की परेशानी से जूझ रहा था मरीज; अस्पताल में दम तोड़ा

राजधानी के हमीदिया अस्पताल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। किडनी की बीमारी से लंबे समय से परेशान मरीज ने सातवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अपने गृह नगर रवाना हो गए।

दस साल से जूझ रहा था मरीज

जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम अजय यादव (38), निवासी नरसिंहगढ़, जिला राजगढ़ है। वह बीते करीब दस साल से किडनी की बीमारी से जूझ रहा था। तीन दिन पहले ही परिजन उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर आए थे। सोमवार को उसका डायलिसिस होना था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविवार रात अजय ने खाना खाने के बाद वार्ड में अपने बेड पर सो गया था। लेकिन तड़के अचानक वह वार्ड से बाहर निकला और सातवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने के बाद उसे तुरंत इलाज के लिए भर्ती किया गया, लेकिन कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस का अनुमान है कि वह लगातार चल रही बीमारी और मानसिक तनाव से परेशान होकर यह कदम उठा बैठा। बताया जाता है कि बीमारी की वजह से अजय की शादी भी नहीं हो पाई थी।


Advertisement