हाड़ौती में 17 सीटों पर रहेगी नजर
बीजेपी पार्टी के राष्ट्रिय अध्यक्ष जेपी नड्डा सुबह 11 बजे कोटा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से डीसीएम रोड स्थित निजी होटल जाएंगे। दोपहर सवा 1 बजे तक कोटा शहर, कोटा देहात, बूंदी के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 1:40 से 3:40 बजे तक जेपी नड्डा बारां झालावाड़ जिलों के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। नड्डा कोटा हवाई अड्डा से 3:50 बजे किशनगढ़ के लिए रवाना होंगे।बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का हाड़ौती संभाग में आना और संगठन पदाधिकारी की बैठक लेना बहुत अहम माना जा रहा है। हाड़ौती संभाग में 17 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें से 10 पर अभी भी भाजपा काबिज है। कोटा संभाग जनसंघ के वक्त से आज तक बीजेपी का गढ़ माना जाता है। नड्डा संगठन के पदाधिकारियों को हाड़ौती में मजबूती के साथ चुनाव लड़ने का मंत्र देंगे।
अजमेर-भीलवाड़ा के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा
कोटा के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार शाम को किशनगढ़ में संभाग स्तरीय बैठक लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जीत का महामंत्र फूंकेंगे। इसके साथ ही टिकट वितरण के साथ उभर रहे विरोध को भी शांत करने का गुरु मंत्र देंगे। नड्डा बुधवार शाम कोटा से हेलिकॉप्टर से किशनगढ़ एयरपोर्ट शाम 4.50 बजे आएंगे और यहां से सीधे मार्बल एसोसिएशन सभागार में जाएंगे। पहले सत्र में नड्डा नागौर और टोंक के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। दूसरे सत्र में अजमेर -भीलवाड़ा के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी।मालूम हो कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर पहली सूची में 41 सीट पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। कई जगह टिकट नहीं मिलने से नाराज पार्टी के कर्मठ जननेताओं ने विरोध का बिगुल बजा दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा इसी बिगुल की आवाज को शांत करने और चुनाव जीतने का महामंत्र देने यहां आ रहे हैं।











