जापान, हॉन्ग कॉन्ग, साउथ कोरिया, ऑस्ट्रेलिया... ट्रंप के टैरिफ से शेयर बाजारों में मातम, चीन में उल्टी गंगा

जापान, हॉन्ग कॉन्ग, साउथ कोरिया, ऑस्ट्रेलिया... ट्रंप के टैरिफ से शेयर बाजारों में मातम, चीन में उल्टी गंगा
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ बढ़ाने और चीन के पलटवार के बाद वॉल स्ट्रीट में शुक्रवार को भारी गिरावट आई। इसका असर सोमवार को भारत और दूसरे एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला। एशियाई शेयर बाजार बुरी तरह गिर गए। सेंसेक्स में कारोबार के दौरान करीब 4,000 अंक की गिरावट आई। इसी तरह हॉन्ग कॉन्ग के शेयर बाजार भी 2008 के बाद एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट का गवाह बना। अमेरिका के वायदा बाजार में भी कमजोरी के संकेत मिले। S&P 500 का वायदा 2.5% गिर गया। Dow Jones Industrial Average का वायदा 2.1% नीचे चला गया। Nasdaq का वायदा 3.1% गिर गया। मतलब है कि आगे भी शेयर बाजार में गिरावट आ सकती है।
टोक्यो का Nikkei 225 इंडेक्स (index) बाजार खुलने के तुरंत बाद लगभग 8% गिर गया। दोपहर तक यह 6% गिरकर 31,758.28 पर आ गया। अमेरिका के वायदा बाजार में भारी गिरावट के बाद Topix के वायदा कारोबार को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था। अक्सर देखा जाता है कि चीनी बाजार वैश्विक रुझानों को फॉलो नहीं करते हैं। लेकिन इस बार वे भी गिर गए। हॉन्ग कॉन्ग का Hang Seng 9.4% गिरकर 20,703.30 पर आ गया। यह 2008 के बाद इसमें एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 6.2% गिरकर 3,134.98 पर आ गया। दक्षिण कोरिया का Kospi 4.1% गिरकर 2,363.82 पर आ गया। ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 3.8% गिरकर 7,377.70 पर आ गया। हालांकि, पहले यह 6% से ज्यादा गिर गया था, लेकिन बाद में कुछ सुधार हुआ।
Advertisement