टेस्ला ने अपने ह्यूमनॉएड रोबोट की एक नई जनरेशन 'ऑप्टिमस जेन 2' को अनवील किया। यह अपग्रेडेड मॉडल 30% तेज चल सकता है और इसमें बेहतर संतुलन भी है। इसका वजन भी 10 किलो कम है। टेस्ला CEO एलन मस्क ने रोबोट का वीडियो शेयर किया है।
ऑप्टिमस के लिए यह काफी महत्वपूर्ण प्रगति है, क्योंकि एक साल पहले तक यह बिना मदद के चल भी नहीं सकता था। रोबोट ऑप्टिमस को पहली बार सितंबर 2022 में पेश किया गया था। ये 5.8 फीट लंबा और करीब 50 किलो वजनी है। टेस्ला फ्रैक्ट्री में इस रोबोट का इस्तेमाल होगा।
इसके ह्यूमनॉएड रूप को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह सुपरमार्केट में खरीदारी से लेकर फैक्ट्री प्रोडक्शन लाइनों पर काम करने तक के ह्यूमन टास्क्स को पूरा कर सके। टेस्ला ने अभी तक ऑप्टिमस की कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
ज्यादा बेहतर बैलेंसिंग, स्क्वाट करते दिखा रोबोट: मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जो वीडियो शेयर किया है उसमें रोबोट खुद को बैलेंस करते हुए स्क्वाट करता दिखाई दे रहा है। पिछले मॉडल्स की तुलना में रोबोट का यह वर्जन 30% ज्यादा तेज चल सकता है।
नाजुक-मजबूत की समझ, अंडे को उठाते दिखा रोबोट: रोबोट के हाथों को बदला गया है। यह पिछले वर्जन की तुलना में ज्यादा तेज है। ये नाजुक और मजबूत चीजों को कैसे उठाना है इसे समझता है। रोबोट वीडियो में अंडों को उठाकर दूसरी जगह रखता दिखाई दे रहा है।
इंसानों की तरह डांस मूव करता दिखा रोबोट: रोबोट का नया वर्जन इंसानों-जैसी डांस मूव्स की भी नकल कर सकता है। बेहतर ह्यूमन फूट ज्योमेट्री और नए टो सेक्शन जैसे नए टेक्निकल एंडवांसमेंट के कारण 'ऑप्टिमस जेन 2' ऐसा कर पा रहा है।
टेस्ला फ्रैक्ट्री में रोबोट का इस्तेमाल होगा, बेचे भी जाएंगे
कंपनी ने कहा कि वह जल्द ही अपने खुद के मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन में रोबोट का उपयोग शुरू करने की योजना बना रही है। टेस्ला ने रोबोट की बिक्री शुरू करने की योजना बनाई है। ऑप्टिमस पर पिछले अपडेट में, टेस्ला के CEO एलन मस्क ने दावा किया था कि ऑप्टिमस रोबोट की डिमांड 10 से 20 अरब यूनिट तक हो सकती है।
मस्क के अनुसार ऑप्टिमस रोबोट खतरनाक, दोहराव वाले और उबाऊ कामों को करेगा। ऑप्टिमस के इनिशियल वर्जन का इस्तेमाल फैक्ट्री फ्लोर पर किया जा सकता है। मस्क का मानना है कि समय के साथ रोबोट की क्षमताओं में सुधार जारी रहेगा, जिससे यह कई तरह के कामों को करने के लिए एक अमूल्य संपत्ति बन जाएगा।
योग भी कर सकता है मस्क का रोबोट
इससे पहले 25 सितंबर को टेस्ला ने अपने रोबोट पर अपडेट दिया था। इसमें बताया गया था कि रोबोट अपने हाथों और पैरों को खुद कैलिब्रेट करने में सक्षम है। यहां तक की ये योग भी कर सकता है। ये रोबोट अलग-अलग कामों को काफी जल्दी और बेहतर तरीके से सीखता है।
ऑप्टिमस में टेस्ला कार का सॉफ्टवेयर और सेंसर
ह्यूमनॉइड रोबोट 'ऑप्टिमस' में उसी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सॉफ्टवेयर और सेंसर का यूज किया है, जो टेस्ला कार के एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम 'ऑटोपायलट' में मौजूद है। ये रोबोट टेस्ला चिप पर पर काम करता है। रोबोट में 2.3 किलोवाट प्रति घंटे का बैटरी पैक लगा है, जो पूरे दिन आसानी से काम कर सकता है। इसमें Wifi और LTE सपोर्ट भी दिया गया है।
तीन से पांच साल के भीतर हो सकती है रोबोट की डिलीवरी
पिछले साल के टेस्ला AI डे पर, मस्क ने कहा था कि रोबोट की डिलीवरी तीन से पांच साल के भीतर हो सकती है। टेस्ला वर्तमान में ऑप्टिमस के डेवलपमेंट को गति देने के लिए रिक्रूटमेंट ड्राइव भी चला रहा है। इसकी वेबसाइट पर रोबोटिक्स से संबंधित 50 से अधिक पद लिस्टेड हैं।











