दिल्ली, मुंबई, नोएडा और बेंगलुरु में ऐपल के स्टोर्स के बाहर काफी भीड़ देखी गई। एएनआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक कस्टमर हितेश पटेल ने कहा, 'मैं नासिक से यहां आया हूं। हम कल रात 10 बजे से लाइन में लगे हुए हैं। मुझे सुबह 8 बजे का पहला स्लॉट मिला है। इसके बाद, हमें अपना प्रोडक्ट मिल जाएगा। मैं हर साल मोबाइल बदलता हूं। अभी मेरे पास 17 Pro Max है, और अब मैं 18 Pro Max लेने जा रहा हूं।'
कब आएगा बेस मॉडल?
सूत्रों के मुताबिक भारत में बिकने वाले iPhone में से सिर्फ 15% ही Pro और Pro Max रेंज के होते हैं, इसलिए भारत में इनके प्रोडक्शन का लगभग 80-90% हिस्सा विदेशों में भेजा जाएगा। यह पहली बार है जब Apple ने iPhone का कोई कंज्यूमर या बेस वर्जन लॉन्च नहीं किया है। माना जा रहा है कि अगले साल की पहली तिमाही में iPhone 18 आ सकता है। भारत में बिकने वाले iPhone में बेस मॉडल की हिस्सेदारी 80-85% होती है।Apple के दुनियाभर में सैकड़ों स्टोर्स हैं। कंपनी जब भी नया प्रोडक्ट लॉन्च करती है तो उसके स्टोर्स पर भीड़ का उमड़ना आम बात है। इसका फोन या दूसरे प्रोडक्ट आज स्टेटस सिंबल बन गए हैं। कंपनी के हर नए प्रोडक्ट का मीडिया और आम जनता बेसब्री से इंतजार करती है। इसकी वजह यह है कि इन्हें लेकर दुनिया में गजब की दीवानगी है। यही वजह है कि इसके इकोसिस्टम पर कब्जा करने के लिए अमेरिका, चीन और भारत में होड़ मची है।
