मुरैना डीजीएम के दो इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश:कॉल सेंटर पहुंचे ऊर्जा मंत्री, इंचार्ज को लगाई फटकार

मुरैना डीजीएम के दो इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश:कॉल सेंटर पहुंचे ऊर्जा मंत्री, इंचार्ज को लगाई फटकार

बिजली कंपनी के कॉल सेंटर के बारे में लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर बेहद नाराज हुए। शनिवार रात वे अचानक कंपनी मुख्यालय गोविंदपुरा स्थित कॉल सेंटर पहुंचे। जिन इलाकों की शिकायतें ज्यादा पेंडिंग थीं, वहां के डीजीएम को मंत्री ने कॉल किए।

इस दौरान मंत्री ने कॉल सेंटर के इंचार्ज धनेन्द्र तिवारी को फटकार लगाई। शिकायतें ज्यादा पेंडिंग होने पर मुरैना के डीजीएम अभिषेक चौरसिया के दो इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए। मंत्री ने भोपाल सिटी सर्कल के पूर्व संभाग के डीजीएम अंकित पालीवाल को भी कॉल किया। तोमर ने पालीवाल को नसीहत दी कि शिकायतें ज्यादा देर तक पेंडिंग नहीं होनी चाहिए।

इन अधिकारियों के अलावा मंत्री ने रायसेन के डीजीएम से भी बात कर नाराजगी जाहिर की। कंपनी के कई अधिकारियों और कॉल सेंटर के कर्मचारियों से भी मंत्री ने सीधी बात की। वहां की अव्यवस्था देखकर मंत्री बेहद नाराज हुए। मामला यह है कि मंत्री ने एक दिन पहले कॉल सेंटर में स्वयं कॉल करके शिकायत दर्ज करानी चाही। तब वहां मौजूद कोई कर्मचारी उन्हें और उनकी आवाज पहचान नहीं सका था।


Advertisement