कोविड काल में पड़ी थी नींव
कोविड काल में जब सोशल डिस्टेंसिंग का दौर चल रहा था, तब सोशल मीडिया पर दो जोड़ों के दिल मिल रहे थे। रायबरेली के युवक अभिषेक और अमेठी की युवती रेशमा लॉकडाउन के दौर में दिलों के ताले खोल रहे थे। दरअसल, दोनों उस दौरान इंस्टाग्राम पर खूब सक्रिय थे। इंस्टाग्राम पर उनकी दोस्ती शुरू हुई। दोनों में बातचीत बढ़ी। दोस्ती ने भरोसे का रूप लिया। इसके बाद पता नहीं कब यह दोस्ती प्यार में बदल गई, दोनों ही यह नहीं समझ पाए।सोशल डिस्टेंसिंग का दौर बीता। लोग-बाग पास आने लगे। लेकिन, दोनों के बीच की दूरी में किलोमीटर का फासला था। फिर आया 2023। दोनों ने मिलने का निर्णय लिया। दोनों की पहली बार आमने-सामने की मुलाकात हुई, बात हुई। पहली ही मुलाकात में बात बन गई। दोनों ने साथ-साथ अपना जीवन बिताना तय कर लिया।
विरोध को किया दरकिनार
अभिषेक और रेशमा ने अपने रिश्ते की जानकारी परिवारवालों को दी। दोनों तरफ से विरोध होने लगा। कोई इस रिश्ते को मंजूरी देने को राजी नहीं था। हिंदू-मुस्लिम में शादी कैसे हो? यह सवाल दोनों परिवारों में उठ रहे थे। फिर दोनों को मिलने-जुलने पर रोक लगा दिया गया। दोनों को घरों की दहलीज में कैद कर दिया गया। लेकिन, दोनों भारी दबाव के बीच भी नहीं झुके। दोनों ने इन हालातों का सामना किया। धर्म, समाज, परिवार की तमाम बंदिशों को तोड़ने का फैसला कर लिया।ऐसे हुई दोनों की शादी
परिवार की नामंजूरी के बाद अभिषेक ने रिश्ते में आगे बढ़ने का फैसला किया। रायबरेली के एक मंदिर में पंडित से संपर्क किया। फिर रेशमा के साथ डेट डिस्कस की। दोनों निर्धारित तिथि और समय पर मंदिर पहुंचे। वहां पुजारी ने पूरे हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी कराई। दोनों ने सात फेरे लेकर सात जन्मों तक रिश्ता निभाने की कसम खाई।'कोई नहीं कर सकता अलग'
शादी के बाद रेश्मा और अभिषेक ने आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। दोनों ने साफ किया कि हमें कोई अलग नहीं कर सकता है। रेशमा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि हमने अपनी मर्जी से हिंदू धर्म अपनाया है। हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी की है। रेशमा का कहना है कि अभिषेक हमारा प्यार है। दुनिया की कोई ताकत अब हमें अलग नहीं कर सकती।अभिषेक और रेशमा की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। उनके प्यार के किस्से को सोशल मीडिया यूजर्स अपने-अपने अंदाज में परोस रहा है। कोई इसे सच्चे प्यार की जीत बता रहा है। वहीं, कुछ लोग इस शादी पर सवाल उठा रहे हैं।











