समुद्र में निगरानी बढ़ाने के लिए भारतीय नौ सेना के सर्वे वेसल INS संध्याक का आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आज कमीशन हुआ। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नेवी चीफ एडमिरल आर हरि कुमार नौसेना डॉकयार्ड में मौजूद थे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हिंद महासागर में हम सुरक्षा के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। यहां समुद्री लुटेरों का खतरा बना रहता है। हमने हाल ही में 80 लोगों को रेस्क्यू किया है। हमें लुटेरे बर्दाश्त नहीं है। यह न्यू इंडिया का संकल्प है।
INS संध्याक की रेंज 11 हजार किमी है। यह बंदरगाहों से लेकर समुद्री तटों तक की निगरानी करेगा। जहाज में बोफोर्स गन भी लगी है और जरूरत पड़ने पर इसमें चेतक हेलिकॉप्टर की भी तैनाती की जा सकती है।
अब 5 पॉइंट में INS संध्याक के बारे में समझिए...
1. INS संध्याक क्या है
INS संध्याक पहली बार नौसेना में कमीशन नहीं किया जा रहा है। इसका पुराना वर्जन 1981 से 2021 तक इंडियन नेवी का हिस्सा रहा। जिसे 4 जून 2021 को रिटायर कर दिया गया। पुराने वर्जन के मुकाबले नया सर्वे शिप काफी एडवांस्ड है।
2. संध्याक का रोल क्या है
संध्याक शिप का मुख्य काम सर्वे और नेविगेशन को बेहतर बनाना है। समुद्र की गहराई में हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण करके कई जानकारियां देगा। यह गहरे और उथले पानी में मल्टी-बीम इको-साउंडर्स प्रोड्यूस करेगा। साथ ही समंदर में आ रहे किसी भी जहाज को ट्रैक कर सकेगा। संध्याक में सैटेलाइट बेस्ड पोजिशनिंग सिस्टम भी मौजूद है।
3. नेवी को क्या फायदा होगा
यह जहाज नौसेना के कई मिशन में अहम भूमिका निभाएगा। संध्याक सर्विलांस को मजबूती देगा। बंदरगाहों, नेविगेशनल चैनल्स/रूट, तटीय क्षेत्रों और गहरे समुद्रों का पूर्ण पैमाने पर हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण करना है।
4. रेंज और खासियत क्या है
नया संध्याक दो डीजल इंजनों से चलता है। समंदर में इसकी स्पीड 30 किलोमीटर प्रतिघंटा है। वहीं रेंज 11 हजार किलोमीटर है। जहाज की लंबाई 288.1 फीट है, वजन 3400 टन है। यह 80 फीसदी स्वदेशी है। जहाज पर 18 अधिकारी और 160 नौसैनिक तैनात हो सकते हैं।
5. ऐसे कितने जहाज नेवी के पास
इस जहाज को मेसर्स गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE), कोलकाता ने बनाया है। इंडियन नेवी के लिए GRSE के चार सर्वे वेजल यानी जहाज बनाए जा रहे हैं। INS संध्याक इस सीरीज में पहला जहाज है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस जहाज को बनाने की प्रक्रिया 12 मार्च 2019 को शुरू हुई थी। इसे 5 दिसंबर 2021 को लॉन्च कर दिया गया था। पोर्ट्स और समुद्र में कई तरह के परीक्षणों के बाद INS संध्याक को 4 दिसंबर 2023 को नेवी डे के मौके पर नौसेना को सौंप दिया गया था और 3 फरवरी को यह कमीशन हुआ।
राजनाथ बोले- हिंद महासागर में हमारी ताकत बढ़ी
राजनाथ सिंह ने कहा- भारतीय नौसेना इतनी मजबूत हो गई है कि हम हिंद महासागर और हिंद प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा के मामले में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। यदि हम वैश्विक व्यापार की बात करे, तो हिंद महासागर को वैसे भी हॉटस्पॉट के रूप में गिना जाता है।
राजनाथ सिंह ने कहा- हिंद महासागर में अदन की खाड़ी और गिनी की खाड़ी है। जिसके माध्यम से बड़ी मात्रा में अंतरराष्ट्रीय व्यापार होता है। इन पॉइंट्स पर कई खतरे भी बने हुए हैं, सबसे बड़ा खतरा समुद्री लुटेरों का है। हमने हाल ही में 80 लोगों को लुटेरों से रेस्क्यू किया है।











