भोपाल। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र पनपथा बफर के सरईहाहार नामक स्थान पर एक नर बाघ घायल अवस्था में मिला था। बाघ को इलाज के लिए शुक्रवार को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान लाया गया है। घायल नर बाघ का स्वास्थ्य परीक्षण स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ फारेंसिक एंड हेल्थ संस्थान जबलपुर द्वारा किया गया। बाघ की हड्डी टूटी हुई पाई गई। इसके बाद इसे भोपाल स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में लाने का निर्णय किया गया।
इंडोर वार्ड में रखा बाघ को
घायल नर बाघ को वन विहार के वन्यप्राणी चिकित्सालय स्थित इंडोर वार्ड में रखा गया है। वन विहार प्रबंधन के अनुसार घायल नर बाघ की वन्यप्राणी चिकित्सकों द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बाघ की उम्र तकरीबन 04 साल है। माना जा रहा है कि किसी अन्य बाघ के साथ टेरिटोरियल फाइट की वजह से यह घायल हुआ है। वन अमले की गश्ती दल ने इसे जब घायलावस्था में देखा तो इसे रेस्क्यू कर पहले स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ फारेंसिक एंड हेल्थ संस्थान जबलपुर ले जा गया है। वहां से बेहतर इलाज के लिए इसे वन विहार नेशनल पार्क में शिफ्ट करने का फैसला लिया गया।











