भोपाल। गांधी नगर थाना पुलिस को बुधवार दोपहर में एक युवक के खदान में भरे पानी में डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस ने अंधेरा होने तक गोताखोरों की मदद से खदान में तलाश करवाई, लेकिन युवक के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। अंधेरा होने की वजह से सर्च आपरेशन बंद करना पड़ा। गुरुवार को भी खदान में भरे पानी में युवक की खोजबीन की जाएगी।
लापता युवक के साथियों ने दी सूचना
गांधी नगर थाने के एसआइ कन्हैया यादव ने बताया कि दोपहर 12 बजे नई बस्ती के नट मोहल्ला में रहने वाले दो युवक थाने पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि वह अपने एक साथी के साथ शांति नगर में स्थित पुरानी पत्थर खदान के पास शराब पी रहे थे। थोड़ी देर बात उनका नहाने का मन हुआ तो वे तीनों पानी में उतर गए। तभी उनका एक साथी लापता हो गया। संभवत: वह डूब गया है।
अंधेरा बन गया बाधक
इस पर पुलिस ने नगर निगम के गोताखोर बुलवाकर खदान में भरे पानी में युवक की तलाश करवाना शुरू कर दी। लेकिन देर शाम अंधेरा होने तक युवक के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। गुरुवार को फिर गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश करवाई जाएगी।