आम आदमी को महंगाई का झटका! सीएनजी की कीमतों में हुआ इजाफा, देखें कितने बढ़ गए रेट
Updated on
14 Dec 2023, 02:35 PM
नई दिल्ली: आम आदमी को आज सुबह महंगाई का बड़ा झटका लगा है। तीप हफ्ते में दूसरी बार सीएनजी की कीमतों में इजाफा हो गया है। राजधानी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी हो गई है। इन शहरों में सीएनजी की कीमतों में एक रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी के रेट 76.59 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैं। वहीं नोएडा में सीएनजी के नए दाम 82.20 रुपये प्रति किलो और ग्रेटर नोएडा में 81.20 रुपये प्रति किलो पर आ गए हैं।
नवंबर में बढ़े थे दाम
दिल्ली-एनसीआर में इससे पहले बीते 23 नवंबर को सीएनजी की कीमतों में एक रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया था। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 74.59 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 75.59 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। वहीं नोएडा में सीएनजी के दाम 80.20 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 81.20 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए थे।
मानकों में किया था बदलाव
इससे पहले केंद्र सरकार ने जुलाई में सीएनजी की कीमत तय करने के मानकों में बदलाव किया था। इसके बाद दिल्ली सहित कई राज्यों में सीएनजी की कीमत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन आईजीएल ने अगस्त में कीमतों में इजाफा कर दिया था। यह एक साल में दूसरी बार भाव में बढ़ोतरी थी। दिल्ली-एनसीआर में 23 अगस्त को भी सीएनजी की कीमत एक रुपये बढ़ी थी।