इंडिगो ने सीटों के लिए तय किए रेट्स फ्रंट-विंडो सीट के लिए 2,000 एक्स्ट्रा लगेंगे

इंडिगो ने सीटों के लिए तय किए रेट्स फ्रंट-विंडो सीट के लिए 2,000 एक्स्ट्रा लगेंगे

इंडिगो एयरलाइन ने आज यानी, 9 जनवरी से सीट सिलेक्शन फीस तय कर दी है। 222 सीटों वाले A321 विमान के लिए, फ्रंट सीट में विंडो या आइल सीट चुनने पर ₹2,000 लगेंगे। उसी लाइन की मिडल सीट के लिए यात्री को 1,500 रुपए खर्च करने पड़ेंगे।

सेकेंड और थर्ड रो की सभी सीटें ₹400 की समान दर पर मिलेंगी। 232 सीटों वाले A321 विमान और 180 सीटों वाले A320 विमान के लिए शुल्क समान हैं।

4 जनवरी को एयरलाइन ने फ्यूल सरचार्ज हटाने की घोषणा की थी जिसके बाद एयरलाइन ने सीट सिलेक्शन फीस में यह बड़ा बदलाव किया है।

अक्टूबर 2023 की शुरुआत से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण इंडिगो ने फ्यूल चार्ज वसूलना शुरू किया था। इसके लिए फ्यूल चार्ज के तौर पर 300 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक वसूले जा रहे थे।

पसंदीदा सीट नहीं खरीदना तो फ्री सीट अवेलेबल
इंडिगो ने कहा- 'कंफर्ट हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए, हम अपने यात्रियों को पसंदीदा सीटों के लिए रिजर्वेशन ऑप्शन देते हैं। आप विंडो सीट, आइल सीट या अतिरिक्त लेगरूम वाली सीट चुन सकते हैं। यदि आप पसंदीदा सीट नहीं खरीदना चाहते हैं तो आप अवेलेबल फ्री सीट का चयन कर सकते हैं या एयरपोर्ट पर चेक-इन के समय असाइन की गई सीट मिल जाएगी।'

रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है इंडिगो
इंडिगो के पास 320 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है। अपने बेड़े के साथ इंडिगो रोजाना 1900 से ज्यादा फ्लाइट ऑपरेट करती है। ये एयरलाइन 81 डोमेस्टिक डेस्टिनेशन और 32 इंटरनेशनल डेस्टिनेशन को कवर करती है। भारत में सबसे ज्यादा मार्केट शेयर इंडिगो का ही है।

Q2FY24 में इंडिगो को ₹189 करोड़ का मुनाफा
दूसरी तिमाही में इंडिगो को ₹188.9 करोड़ का मुनाफा हुआ था। 5 साल में यह पहला मौका था जब एविएशन कंपनी को किसी भी वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में मुनाफा हुआ था। आम तौर पर इस तिमाही को एविएशन इंडस्ट्री के लिए कमजोर मांग वाला सीजन माना जाता है।


Advertisement