भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दूसरे हफ्ते गिरा, कंगाल पाकिस्तान की भी हालत हुई खस्ता

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दूसरे हफ्ते गिरा, कंगाल पाकिस्तान की भी हालत हुई खस्ता
मुंबई: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 3.16 अरब डॉलर घटकर 603.87 अरब डॉलर रह गया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.98 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 607.03 अरब डॉलर रह गया था। देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच गया था। लेकिन वैश्विक घटनाओं के कारण पैदा हुए दबाव के बीच रुपये को संभालने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने से इसमें गिरावट आई।
रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 28 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट्स 2.41 अरब डॉलर घटकर 535.33 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। स्वर्ण भंडार का मूल्य 71 करोड़ डॉलर घटकर 44.90 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 2.9 करोड़ डॉलर घटकर 18.44 अरब डॉलर रह गया। आईएमएफ के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 1.1 करोड़ डॉलर घटकर 5.18 अरब डॉलर रह गया।

पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार

इस बीच पड़ोसी देश पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में भी 27 जुलाई को खत्म हफ्ते में 3.2 करोड़ डॉलर की गिरावट आई। कर्ज भुगतान के कारण अब यह 8.154 अरब डॉलर रह गया है जो उससे पिछले हफ्ते 8.186 अरब डॉलर था। इस दौरान देश के कमर्शियल बैंकों में नेट फॉरेन रिजर्व 3.8 करोड़ डॉलर घटकर 5.31 अरब डॉलर रह गया है। देश का टोटल लिक्विड फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व सात करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 13.464 अरब डॉलर रह गया है जो 21 जुलाई को खत्म हफ्ते में 13.534 अरब डॉलर था।
Advertisement