फिर घट गया भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, पाकिस्तान का क्या रहा हाल जानें यहां

फिर घट गया भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, पाकिस्तान का क्या रहा हाल जानें यहां
नई दिल्ली: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार फिर घटा है। देखा जाए तो जी-20 शिखर सम्मेलन के बाद से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट ही हो रही है। तबसे यहां लगातार पांच सप्ताह तक विदेशी मुद्रा भंडार में तेज गिरावट हुई थी। हालांकि, 13 अक्टूबर 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान हालात में सुधार हुआ और भंडार में करीब डेढ़ अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। लेकिन पिछले सप्ताह फिर इसमें करीब सवा दो अरब डॉलर की कमी हुई है।


कितना रह गया डॉलर का भंडार


भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 20 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने विदेशी मुद्रा भंडार में USD 2.36 billion की भारी कमी हुई है। इससे पहले 13 अक्टूबर 2023 को समाप्त सप्ताह के दौरान इसमें USD 1.153 billion की बढ़ोतरी हुई थी। इसी के साथ अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार घट कर $583.53 billion का रह गया है। ऐतिहासिक रूप से देखा जाए तो अक्टूबर 2021 में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

फॉरेन करेंसी एसेट्स में हुई कमी

रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार आलोच्य सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियां (Foreign Currency Asset) घटी हैं। बीते 20 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान Foreign Currency Assets (FCAs) में USD 4.15 billion की भारी कमी हुई है। अब अपना एफसीए भंडार USD 515.2 Billion का रह गया है। उल्लेखनीय है कि कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

बढ़ गया गोल्ड रिजर्व


इसी महीने की 20 तारीख को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के स्वर्ण भंडार (Gold reserves) में बढ़ोतरी हुई है। इस सप्ताह Gold reserves में 1.85 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। अब अपना सोने का भंडार USD 45.42 billion तक पहुंच गया है।

एसडीआर में हुई कमी

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में कमी हुई है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान एसडीआर 70 मिलियन डॉलर घट कर 17.93 बिलियन डॉलर रह गया है। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई है। आलोच्य सप्ताह के दौरान इसमें USD 6 million की बढ़ोतरी हुई है। अब यह बढ़ कर USD 4.98 billion तक चला गया है।

फिर घटा पाकिस्तान का डॉलर भंडार


पड़ोसी पाकिस्तान इस समय आर्थिक कंगाली से जूझ रहा है। विदेशी मुद्रा की हालत स्थिति ऐसी हो गई है कि इस समय वहां सिर्फ आवश्यक वस्तुओं के आयात ही हो पा रहा है। किसी फालतू सामानों के आयात पर पैसे खर्च करने पर पाबंदी है। ऐसे हालात के दौरान भी बीते 20 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान वहां के विदेशी मुद्रा भंडार में 25.73 करोड़ डॉलर की कमी हुई है। अब वहां 12.65 अरब डॉलर का ही विदेशी मुद्रा भंडार बचा है।
Advertisement