तूफानी तेजी से दौड़ती रहेगी भारत की अर्थव्यवस्था, मूडीज ने भी माना लोहा, कही ये बड़ी बात
नई दिल्ली: भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी आगे भी जारी रहने वाली है। रेटिंग एजेंसी मूडीज ने भी भारत की अर्थव्यवस्था का लोहा माना है। रेटिंग एजेंसी मूडीज ने गुरुवार को कहा कि भारत वर्ष 2024 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। यह पिछले साल की घरेलू स्तर पर जारी रफ्तार को बनाए रखेगा। मूडीज रेटिंग्स ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए दूसरी छमाही के साख परिदृश्य पर जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि इंडोनेशिया, फिलिपीन और भारत 2024 की पहली छमाही में वृद्धि के मामले में सबसे आगे रहेंगे। ये देश बढ़ते निर्यात, स्थानीय मांग एवं बुनियादी ढांचे पर सरकारी व्यय के दम पर कोविड-पूर्व वृद्धि आंकड़ों से बेहतर प्रदर्शन करना जारी रखेंगे।











