भारत की इकॉनमी का बज रहा डंका! वर्ल्ड बैंक ने भी माना लोहा, अब कही ये बड़ी बात
नई दिल्ली: वर्ल्ड बैंक ने 2024 में भारतीय इकॉनमी की वृद्धि दर 7.5 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। उसने अपने पहले अनुमान को 1.2 प्रतिशत संशोधित किया है। वर्ल्ड बैंक ने दक्षिण एशिया वृद्धि संबंधी मंगलवार को जारी अपडेटेड जानकारी में कहा कि कुल मिलाकर 2024 में दक्षिण एशिया में वृद्धि दर 6.0 प्रतिशत मजबूत होने की उम्मीद है। यह मुख्य तौर पर भारत में मजबूत वृद्धि, पाकिस्तान और श्रीलंका के काफी हद तक पटरी पर लौटने से संभव होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि जनवरी-मार्च तिमाही में अर्थव्यवस्था 8 प्रतिशत की विकास दर से बढ़ने की राह पर है। रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण एशिया के अगले दो वर्षों तक दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाला क्षेत्र बने रहने की उम्मीद है। 2025 में वृद्धि दर 6.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है।











