भोपाल। आज भारत प्रगति के पथ पर तेजी अग्रसर है, जिसमें देश की महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है क्योंकि नारी शक्ति ही नए भारत की मुख्य वास्तुकार हैं। यह कहना रहा केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का। वह कुशाभाऊ ठाकरे अंतराष्ट्रीय कंवेंशन सेंटर में आयोजित 'नारी शक्ति- नये भारत की शिल्पकार' कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।
हर क्षेत्र में अग्रणी हैं महिलाएं
उन्होंने कहा कि आज देश की महिलायें हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहीं है। वह आज इसरो में कार्यरत होकर चंद्रयान अभियान का हिस्सा बन रहीं है, कानून, व्यवसाय तथा राजनीति इत्यादि के क्षेत्र में भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रहीं है और आपको जानकार हैरत के साथ गर्व भी होगा कि आज पूरे विश्व में महिला पायलटों के क्षेत्र में भी भारत अग्रणी देश है। मोदी सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने हेतु दृढ़ संकल्पित है। मोदी सरकार नें तमाम योजनाओं के द्वारा महिलाओं के लिए उन्नति के द्वार खोले हैं। वर्तमान भारत सरकार महिलाओं के प्रति कितना आदर और सम्मान रखती है इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि नए संसद भवन का उद्घाटन महिला आरक्षण बिल के साथ किया गया।
न्यू एमपी काउंसिल ने किया आयोजन
इस कार्यक्रम का आयोजन आइडिया आफ न्यू एमपी काउंसिल के तत्वावधान में किया गया। पूरे प्रदेश में युवाओं तथा महिलाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहते है। इस कार्यक्रम का संचालन भक्ति शर्मा ने किया। मुदित शेजवार व जयवर्धन जोशी के द्वारा आइडिया आफ न्यू एमपी काउंसिल की थीम पर प्रकाश डाला गया। अंत में डा. प्रिया भावे चित्तावर ने केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण से प्रश्न पूछे, जिनका जवाब उन्होंने बड़े ही सहज भाव से अनूठे अंदाज में दिया।











