झांसी में दारोगा ने गर्भवती पत्नी को सर्विस पिस्टल से तीन फायर किए, जूते का स्टैंड सामने रख बचाई अपनी जान

झांसी में दारोगा ने गर्भवती पत्नी को सर्विस पिस्टल से तीन फायर किए, जूते का स्टैंड सामने रख बचाई अपनी जान
झांसी: उल्दन थाने की बंगरा चौकी में तैनात चौकी इंचार्ज शशांक मिश्रा ने सर्विस पिस्टल से गर्भवती पत्नी को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सब इंस्पेक्टर फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गंभीर हालत में जख्मी शालिनी को इलाज के लिए झांसी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आरोपी सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

पूरी घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। घर देरी से पहुंचने पर पत्नी शालिनी ने इस बात को लेकर टोका तो शशांक भड़क गया, उसने सर्विस पिस्टल निकाली और पत्नी को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि शशांक ने पत्नी पर तीन राउंड फायर किए, जिनमें से दो गोली हाथ में लगी जबकि एक गोली पेट को छूकर निकल गई। शालिनी ने जूता स्टैंड सामने कर गोली के वार से खुद को बचाने की कोशिश की और भागकर पड़ोसी के घर में घुस गई। बाद में शशांक शालिनी को अस्पताल में भर्ती कराकर भाग निकला।

आईजीआरएस पर भी की थी शिकायत

यह भी बताया जा रहा है कि शालिनी इस समय गर्भवती है। शालिनी के परिवार के लोगों ने बताया कि अभी तीन महीने पहले आईजीआरएस पर शशांक के खिलाफ शिकायत की थी, तब सीओ सिटी ने समझौता करा दिया था। साथ ही उसे पत्नी को ठीक से रखने की हिदायत दी थी। झांसी के एसएसपी राजेश एस ने बताया कि थाना उल्दन क्षेत्र में स्थित बंगरा चौकी के प्रभारी के रूप में तैनात सब इंस्पेक्टर ने पारिवारिक विवाद में पत्नी पर सर्विस पिस्टल से फायर किया, जिसमें पत्नी के दाहिने हाथ में गोली लगी है। अभी खतरे से बाहर है। आरोपी सब इंस्पेक्टर को हिरासत में ले लिया गया है। तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित किया गया है। परिवार के लोगों की तहरीर पर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Advertisement