इंदौर में खून से सने बेटे से लिपटी रही मां, बदमाशों ने चाकू मार-मारकर किया छलनी

इंदौर में खून से सने बेटे से लिपटी रही मां, बदमाशों ने चाकू मार-मारकर किया छलनी
 इंदौर। राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने एक युवक पर घेरकर हमला कर दिया। युवक की मां बचाने के लिए उससे लिपट गई और बदमाश खींच-खींच कर चाकू घोंपते रहे। युवक की हालत बहुत गंभीर है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास में मामला दर्ज कर लिया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला अमर पैलेस में गरबा पांडाल (हनुमान मंदिर के समीप) का है। बबिता शेर सिंह चौहान ने आरोपी अमर पैलेस कालोनी के अम्मू, निखिल, सुमित उर्फ पारो, लल्ला (पिपल्यापाल) और जानू (नाथ मोहल्ला) के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।


बबिता चोइथराम सब्जी मंडी में मजदूरी करती है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे बबिता के सामने बेटे कान्हा को एक लड़का गरबा पांडाल में बुला कर ले गया। कुछ देर बाद बबिता, दामाद निखिल कान्हा को देखने गए तो आरोपी अम्मू, निखिल, जानू और लल्ला गालियां दे रहे थे।


बेटे से लिपटी रही मां


आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दी। कुछ देर बाद अम्मू और निखिल का भाई सुमित पारो भी आ गया। उसने भी पीटना शुरु कर दिया। बबिता ने लोगों से मदद मांगी, लेकिन कोई आगे नहीं आया। बबिता कान्हा से लिपटी रही। इसी दौरान सुमित और अम्मू ने चाकू निकालकर कान्हा को मारना शुरू कर दिया।


पेट व पसली पर घोंपा चाकू


कान्हा के पेट और पसली में चाकू लगने बहुत खून बह गया। वह मौके पर ही बेहोश हो गया। कुछ देर बाद परिवार के लोग उसको एमवाय अस्पताल लेकर चले गए। कान्हा की हालत नाजूक बताई जा रही है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने शनिवार को घटना में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement