भोपाल । जिले में पिछले पांच साल में महिला मतदाताओं की संख्या में 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या में 6.88 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं जिले में वर्ष 2018 से अब तक कुल 8.5 प्रतिशत मतदाताओं की वृद्धि हुई है। जिले में वर्ष 2018 में कुल 19 लाख सात हजार 476 मतदाता थे, जो बढ़कर अब 20 लाख 86 हजार 231 हो गए हैं। इसके साथ ही जिले में लिंगानुपात भी वृद्धि हुई है, दो महीने पहले एक हजार पुरुषों पर 926 महिलाएं थी जो बढ़कर अब 942 हो गई हैं।
कलेक्ट्रेट में बुधवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दल के प्रतिनिधि सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
एक लाख पांच हजार 745 महिला मतदाताओं के नाम जुड़े
जिले की सातों विधानसभा में वर्ष 2018 में कुल नौ लाख पांच हजार 936 महिला मतदाता थीं। अब तक हुए मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान एक लाख पांच हजार 745 महिला मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इससे अब महिला मतदाताओं की संख्या बढ़कर 10 लाख 11 हजार 681 हो गई है। वहीं वर्ष 2018 में पुरुष मतदाताओं की संख्या 10 लाख 376 थी। अब तक 74 हजार पुरुष मतदाताओं के नाम जोड़े जाने से इनकी संख्या कुल 10 लाख 74 हजार 376 हो गई है।
हुजूर विधानसभा में सबसे अधिक 59 हजार मतदाता बढ़े
भोपाल जिले की सबसे बड़ी विधानसभा हुजूर में वर्ष 2018 से अब तक सबसे अधिक 59 हजार 827 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। वर्ष 2018 में इस विधानसभा में कुल एक लाख 48 हजार 207 मतदाता थे, इनमें 59 हजार 827 मतदाताओं के जोड़ने पर अब यहां एक लाख 79 हजार 888 मतदाता हो गए हैं।
46 हजार मतदाताओं के नाम सूची से हटाए
मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान लगभग 46 हजार 204 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इनमें 23 हजार 968 पुरुष और 22 हजार 233 महिला मतदाता शामिल हैं। जबकि तीन थर्ड जेंडर मतदाता के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें मृत मतदाता के साथ ही जिला छोड़कर बाहर जा चुके मतदाता शामिल हैं।
फैक्ट फाइल
वर्ष - पुरुष मतदाता - महिला मतदाता - थर्ड जेंडर - कुल मतदाता
2018 - 1000376 - 905936 - 164 - 1907476
2023 - 1074376 -1011681 - 174 - 2086231
विधानसभा अनुसार मतदाताओं की संख्या
विधानसभा क्षेत्र - पुरुष मतदाता - महिला मतदाता - थर्ड जेंडर - कुल मतदाता
बैरसिया - 128604 - 119400 - 4 - 248008
उत्तर - 123796 -121849 - 7 -245652
नरेला - 180994 -168464 -14 - 349472
दक्षिण - पश्चिम - 119932 -111904 -13 - 231849
मध्य - 127042 -120843 -112 - 247997
गोविंदपुरा - 203556 -189333 - 16- 392905
हुजूर - 190452 - 179888 - 8 - 370348
कुल - 10,74,376 -1011681 - 174 - 2086232
विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों की संख्या
विधानसभा क्षेत्र - मतदान केंद्र
बैरसिया - 270
उत्तर - 246
नरेला - 330
दक्षिण-पश्चिम - 233
मध्य - 243
गोविंदपुरा - 369
हुजूर - 343
कुल - 2034











