भोपाल। बजरिया थाना क्षेत्र के विजयनगर में शराब पार्टी के बाद गाली-गलौज करना एक युवक को भारी पड़ गया। नशे में दोस्तों से विवाद के बाद चार युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान वह सिर के बल पत्थर पर गिर गया।
गंभीर चोट लगने के बाद आरोपी उसे मौके पर अधमरी हालत में छोड़कर भाग गए। रात में स्वजन उसे घर ले आए, लेकिन सुबह हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चारों आरोपीों को गिरफ्तार कर हत्या का केस दर्ज किया है।
दोस्तों के साथ शराब पीते समय हुआ विवाद
- पुलिस के अनुसार विजयनगर निवासी दीपक मीणा पेंटर का काम करते थे। सोमवार शाम करीब 100 रुपये लेकर घर से निकले थे। विजयनगर शराब दुकान के पास एक गली में वह पड़ोसी सनी रैकवार, सिद्धार्थ और सगे भाई रवि शाक्य व लखन शाक्य के साथ शराब पी रहे थे।
- इसी दौरान गाली-गलौज को लेकर विवाद शुरू हुआ। बात बढ़ने पर चारों युवकों ने दीपक से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान दीपक पीछे की ओर पत्थर पर गिर गए। सिर के पिछले हिस्से और कान के पास चोट लगी, जबकि पसलियों पर भी चोट के निशान मिले।
चारों आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि रात करीब तीन बजे स्वजन को दीपक के शराब दुकान के पास पड़े होने की सूचना मिली थी। वे उन्हें घर ले आए। सुबह हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चारों आरोपियोंों को गिरफ्तार कर लिया है।
