क्या होगा नोएडा एयरपोर्ट पर
श्नाइडर इलेक्ट्रिक की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार कंपनी के सॉल्यूशन एयरपोर्ट पर अक्षय ऊर्जा स्रोतों को एकीकृत करेंगे। इसके साथ ऊर्जा खपत को अनुकूलित करने के लिए इंटेलीजेंट बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम से लैस करेंगे। इस सहयोग में HVAC सिस्टम, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और प्लंबिंग की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा, साथ ही बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज जैसे उप-सिस्टम को एकीकृत किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट का निर्बाध संचालन सुनिश्चित होगा।ऊर्जा खपत की लाइव निगरानी
नोएडा एयरपोर्ट पर लगने वाले ये सिस्टम एनर्जी और KPI डैशबोर्ड प्रदान करेंगे। यह ऊर्जा खपत की लाइव निगरानी करेंगे, जिससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अपने स्थिरता लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी। ये तकनीक ऊर्जा दक्षता में सुधार और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के अवसरों की पहचान करने में भी सहायता करेंगी।
कभी बिजली नहीं जाएगी
श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया के जोन प्रेसिडेंट तथा एमडी एंड सीईओ दीपक शर्मा का कहना है कि कंपनी के सॉल्यूशन निर्बाध बिजली आपूर्ति की गारंटी देंगे। मतलब कि कभी भी एयरपोर्ट पर बिजली गुल नहीं होगी। साथ ही श्नाइडर के सिस्टम एयरपोर्ट की महत्वपूर्ण प्रणालियों के व्यापक प्रबंधन की सुविधा प्रदान करेंगे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने श्नाइडर इलेक्ट्रिक की विशेषज्ञता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके उन्नत सिस्टम एयरपोर्ट पर कुशल और सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे।
कब शुरू होगा नोएडा एयरपोर्ट
इस समय नोएडा एयरपोर्ट के कंस्ट्रक्शन का काम तेजी से चल रहा है। एयरपोर्ट का एक रनवे बन कर तैयार हो गया है। इसके साथ ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को भी पूरी तरह से बना लिया गया है। इन सबका परीक्षण चल रहा है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो अगले साल अप्रैल से नोएडा एयरपोर्ट से आप उड़ान भर सकेंगे।











