आईएचएम भोपाल ने 100% ज़ीरो-वेस्ट मॉडल के साथ भारत का सबसे लंबा सैंडविच बनाकर रचा पाक इतिहास

आईएचएम भोपाल ने 100% ज़ीरो-वेस्ट मॉडल के साथ भारत का सबसे लंबा सैंडविच बनाकर रचा पाक इतिहास
भोपाल, 14 दिसंबर 2025 / पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), भोपाल ने अपने परिसर में 269.9 फीट लंबा और 8 इंच चौड़ा भारत का सबसे लंबा सैंडविच सफलतापूर्वक तैयार कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ आईएचएम भोपाल ने पूर्व में दर्ज 223 फीट लंबे सैंडविच के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए भारतीय पाक इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह रिकॉर्ड प्रयास 100% ज़ीरो-वेस्ट पाक मॉडल पर आधारित था, जिसे योजना निर्माण से लेकर अंतिम वितरण तक पूरी तरह अपनाया गया। सटीक सामग्री पूर्वानुमान, बैच-वाइज ब्रेड उत्पादन, लाइव असेंबली और निरंतर निगरानी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि कच्चे या तैयार खाद्य पदार्थ का कोई भी अपशिष्ट न हो। विशेष रूप से तैयार की गई ब्रेड के निर्माण के लिए छात्रों, शेफ्स और फैकल्टी सदस्यों की टीम ने अथक परिश्रम किया। मानकीकृत रेसिपी और सख्त एसओपी का पालन करते हुए 269.9 फीट लंबाई तक समान आकार, बनावट और संरचनात्मक मजबूती वाली ब्रेड तैयार की गई। आयोजन के दिन, फूड प्रोडक्शन और फूड एंड बेवरेज सर्विस विभाग के विशेषज्ञ फैकल्टी के मार्गदर्शन में 70–80 छात्रों एवं स्टाफ सदस्यों ने केवल 7 मिनट 26 सेकंड में पूरे सैंडविच की लाइव असेंबली की, जो उत्कृष्ट टीमवर्क, गति और संचालन अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। यह आयोजन प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन के दूरदर्शी नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि छात्रों को सटीकता, स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) और मानकीकृत उद्योग प्रथाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इस पहल को अमूल (Veeba के सहयोग से) का सशक्त उद्योग समर्थन प्राप्त हुआ तथा इसे Bey Bey Farms द्वारा संचालित किया गया, जो आईएचएम भोपाल की शैक्षणिक गुणवत्ता और सतत आतिथ्य दृष्टिकोण में उद्योग के विश्वास को दर्शाता है। रिकॉर्ड प्रयास के दौरान वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, आतिथ्य उद्योग के नेता, प्रख्यात शेफ्स, शिक्षाविद् एवं सशस्त्र सीमा बल अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अतिथि एवं जूरी सदस्यों के रूप में आयोजन को विश्वसनीयता और राष्ट्रीय महत्व प्रदान किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ, आईएचएम भोपाल ने नवाचार, गति, स्थिरता और शैक्षणिक उत्कृष्टता को एकीकृत करते हुए बड़े स्तर की पाक क्रियान्वयन प्रक्रिया को नए सिरे से परिभाषित किया है—यह सिद्ध करते हुए कि इतिहास बिना अपशिष्ट उत्पन्न किए भी रचा जा सकता है।
ये लोग कार्यक्रम में शामिल हुए  :
* श्री शियो शेखर शुक्ला, अपर मुख्य सचिव एवं प्रबंध निदेशक (संस्कृति एवं पर्यटन विभाग), मध्य प्रदेश सरकार.
* डॉ. इलयराजा टी. (आईएएस), प्रबंध निदेशक – एमपीएसटीडीसी.
* श्री परमवीर सिंह, जनरल मैनेजर, ताज लेकफ्रंट भोपाल.
* एग्जीक्यूटिव शेफ अनूप गुप्ता, ताज लेकफ्रंट भोपाल.
* प्रो. (डॉ.) कैलासा राव एम., निदेशक, स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, भोपाल.
* श्री पी. के. बेडुये, प्राचार्य, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2, भोपाल.
* श्री बी. एस. जसवाल, उप महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल अकादमी.
* श्री ए. एस. राठौर, उप महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल अकादमी.
* श्रीमती सुवर्णा सजवान, कमांडेंट, सशस्त्र सीमा बल अकादमी.
* डॉ. सुशांत परेकर, द्वितीय कमांड अधिकारी, सशस्त्र सीमा बल अकादमी.

Advertisement