नोएडा एयरपोर्ट के पास चाहिए प्लॉट तो अगले सोमवार तक भरिए फार्म, 7 नवंबर को होगी ई-नीलामी

नोएडा एयरपोर्ट के पास चाहिए प्लॉट तो अगले सोमवार तक भरिए फार्म, 7 नवंबर को होगी ई-नीलामी
नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा के करीब जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है। इसके आसपास कमर्शियल एक्टिविटीज भी जोर पकड़ने लगी है। आपके पास भी इसका फायदा उठाने का मौका है। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 22-ए में कमर्शियल एक्टिविटीज के लिए सात कैटगरीज के तहत जमीन का आवंटन करने जा रही है। यह अलॉटमेंट ई-नीलामी के जरिए किया जाएगा और इसके लिए आवेदन करने की डेडलाइन 16 अक्टूबर है। इस नीलामी में 112 से 140 वर्ग मीटर के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। सफल आवेदकों की लिस्ट दो नवंबर को जारी की जाएगी जबकि ई-नीलामी सात नंवबर को होगी।

इन प्लॉट्स की कीमत 2.9 करोड़ रुपये से लेकर 3.63 करोड़ रुपये रखी गई है। इस नीलामी में हिस्सा लेने के लिए आवेदकों को कुछ शर्तों को पूरा करना होगा। उसकी नेटवर्थ कम से कम तीन से पांच करोड़ रुपये होनी चाहिए और मिनिमम सॉल्वेंसी 1.5 से 2.5 करोड़ रुपये होनी चाहिए। ये प्लॉट 90 साल की लीज के लिए दिए जाएंगे और इन पर पांच मंजिला तक बिल्डिंग बनाई जा सकती है। इस बारे में सारी डिटेल और ब्रोशर YEIDA की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस योजना का फायदा उठाने के लिए आवेदक को 25,000 से 30,000 रुपये प्रोसेसिंग फीस 18 फीसदी जीएसटी के साथ जमा करानी होगी। 112 वर्ग मीटर के प्लॉट के लिए 29 लाख रुपये अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट करनी होगी। इसी तरह 124 वर्ग मीटर के प्लॉट के लिए 32 लाख रुपये और 140 वर्ग मीटर के प्लॉट के लिए 36 लाख रुपये जमा करने होंगे।

क्या होगा फायदा

ये प्लॉट जेवर एयरपोर्ट, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, यमुना एक्सप्रेसवे और बुद्ध सर्किट के करीब हैं। इस तरह इन प्लॉट्स को खरीदने और इन पर कमर्शियल यूनिट लगाने वालों को हर तरह की सुविधा मिलेगी। इस एरिया में बेहतर कनेक्टिविटी है और देश का पहला पॉड ट्रांजिट सिस्टम भी बनाना प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाने का लक्ष्य रखा है और इसे हासिल करने के लिए सरकार का जोर ग्रेटर नोएडा में कमर्शियल एक्टिविटीज बढ़ाने पर है।
Advertisement