आज हवाई यात्रा का है प्लान तो एयरलाइन से ले लें अपडेट, घने कोहरे के कारण 50 उड़ानें प्रभावित

आज हवाई यात्रा का है प्लान तो एयरलाइन से ले लें अपडेट, घने कोहरे के कारण 50 उड़ानें प्रभावित
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण एयर ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली में विजिबिलिटी काफी कम होने के कारण आईजीआई एयरपोर्ट पर 50 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही जारी है लेकिन जिन फ्लाइट्स में कैट-तीन की व्यवस्था नहीं है, वे प्रभावित हो सकती हैं। पैसेंजर्स को सलाह दी गई है कि वे फ्लाइट की अपडेटेड जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। घने कोहरे के कारण एयर ट्रैफिक के अलावा रेल और सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

आईएमडी ने बुधवार को कहा कि सुबह 5.30 बजे प्राप्त हुई इनसैट 3डीआर इमेज के मुताबिक दिल्ली, दक्षिण पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा छाया हुआ है। घने कोहरे के कारण दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को अनुमान जताया था कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढड और दिल्ली में बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली में जनवरी में 21 साल में सबसे ज्यादा ठंड रही। महीने के दौरान सफदरजंग में औसत तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो 2003 के बाद सबसे कम है।

रेल ट्रैफिक

घने कोहरे की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनें भी कई घंटे की देरी से चल रही हैं। रेलवे की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस भी घंटों देरी से चल रही है। राजधानी एक्सप्रेस भी 14 घंटे से ज्यादा देरी से चल रही है। वाराणसी से नई दिल्ली आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को कल रात 11 बजे ही नई दिल्ली आना था। यह ट्रेन सुबह आठ बजे तक नई दिल्ली नहीं पहुंच पाई है। यानी ट्रेन नौ घंटे से भी ज्यादा देरी से चल रही है। कल वाराणसी से नई दिल्ली आने वाली 22415 वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस को कल कैंसिल कर दिया गया था। कोहरे की चपेट में राजधानी एक्सप्रेस भी है। नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली 12302, हावड़ा राजधानी इस समय 13 घंटे से भी ज्यादा देरी से चल रही है। कल जो हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से चली थी वह आज सुबह 07:34 बजे खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन से निकली है। उस समय यह ट्रेन 13 घंटे 30 मिनट की देरी से चल रही थी।
Advertisement