आम चुनावों में हारी BJP तो 25% गिर जाएगा शेयर बाजार, बर्बाद हो जाएंगे निवेशक, जेफरीज ने क्यों कही यह बात?
Updated on
31 Oct 2023, 03:01 PM
नई दिल्ली : अगले साल यानी 2024 में आम चुनाव (General election) होने हैं। चुनावों के क्या परिणाम होंगे। सत्ता परिवर्तन होगा या नहीं। स्टेबल सरकार आएगी या नहीं। इन सब बातों का असर शेयर मार्केट (Share Market) पर भी पड़ता है। गठबंधन वाली और जोड़-वाली सरकारों का अक्सर शेयर मार्केट पर पॉजिटिव असर नहीं होता। अब अमेरिकन इन्वेस्टमेंट बैंक जेफरीज (Jefferies LLC) का एक अनुमान आया है। जेफरीज LLC में इक्विटी स्ट्रेटेजी के ग्लोबल हेड Chris Wood ने एक बड़ी बात कह दी है। उनके अनुसार आम चुनावों में पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की पार्टी पावर में नहीं आती है, तो भारत में इक्विटी मार्केट बुरी तरह गिर जाएगा।बीजेपी हारी तो 25% गिर जाएगा मार्केट
मुंबई में बिजनेस स्टैंडर्ड अखबार द्वारा आयोजित एक इंडस्ट्री इवेंट में वुड ने कहा, 'अगर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को 2004 की तरह राष्ट्रीय चुनावों में अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ता है, तो मैं बाजार में 25% या उससे अधिक गिरावट की उम्मीद करूंगा।'
भारत की दुनिया में सबसे अच्छी ग्रोथ स्टोरी
वुड ने कहा कि सरकार ने ग्लोबल सप्लाई लाइन्स को आकर्षित करने के लिए महत्वाकांक्षी उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन कार्यक्रम (PLI) जैसे सुधारों को लागू किया है। बीजेपी फिर से सत्ता में नहीं आई तो एक बड़ी गिरावट आएगी, लेकिन मोमेंटम ऐसा होगा कि यह बाउंस बैक करेगा। वुड ने कहा, 'भारत की दुनिया में और विशेष रूप से एशिया में सबसे अच्छी ग्रोथ स्टोरी है। जाहिर है कि चीन में समस्याओं ने इस दृष्टिकोण को और मजबूत किया है।'
2004 मे 20% गिर गया था मार्केट
मई 2004 में, बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार को राष्ट्रीय चुनावों में अप्रत्याशित हार के बाद भारत में शेयर बाजार दो दिनों में लगभग 20% गिर गया था। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने देश और बाजारों को खोलने के उद्देश्य से नीतियों को बनाए रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद अगले कुछ दिनों में बाजारों ने कुछ नुकसान की भरपाई कर ली थी।