ICICI Prudential AMC के IPO ने तो कमाल कर दिया, 1 रुपया का शेयर 2606 रुपये में हुआ लिस्ट, जानें पूरी बात
मुंबई: आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी के IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को लिस्टिंग वाले दिन ही अच्छा फायदा मिला। इसका एक रुपया के फेस वैल्यू वाला एक शेयर आज बीएसई में 2,606.20 रुपये पर लिस्ट हुआ। आईपीओ के जरिए यह 2,165 रुपये में मिला था। मतलब कि निवेशकों को पहले ही दिन 20.38 फीसदी या 441.20 रुपये का फायदा हो गया। यह IPO, जो 10,602 करोड़ रुपये का था, जो साल 2025 के सबसे बड़े IPO में से एक है। यह आईपीओ 39.17 गुना ओवर सब्सक्राइब हुआ था।
39 गुना ओवरसब्सक्राइब
इस IPO को निवेशकों का अच्छा साथ मिला था। ICICI Prudential AMC को संस्थागत निवेशकों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली, जो भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी में विश्वास को दिखाता है। यह IPO कुल मिलाकर 39.17 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) का बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने अपने हिस्से को लगभग 124 गुना सब्सक्राइब किया। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NIIs) का हिस्सा 22 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि रिटेल निवेशकों ने अपने कोटे को 2.53 गुना सब्सक्राइब किया। ICICI Bank के शेयरधारकों के लिए आरक्षित कैटेगरी लगभग 10 गुना सब्सक्राइब हुई।
पूरी तरह से ऑफर फोर सेल
यह IPO पूरी तरह से ऑफर फोर सेल (OFS) था, जिसमें 4.90 करोड़ शेयर बेचे गए। इसका मतलब है कि कंपनी को इस IPO से कोई पैसा नहीं मिलेगा। लिस्टिंग के बाद भी, ICICI Bank और Prudential Corp के पास एसेट मैनेजर में 90% से ज्यादा हिस्सेदारी रहेगी। इस IPO के जरिए कंपनी का प्री-IPO मार्केट कैप लगभग 1.07 लाख करोड़ रुपये आंका गया।











