चौंकाने वाली घटना मंगलवार को दिनदहाड़े बेंगलुरु के अमृतल्ली इलाके में एक निजी तकनीकी कंपनी में हुई। मारे गए दोनों शख्स एरोनिक्स मीडिया प्राइवेट के प्रबंध निदेशक फणींद्र सुब्रमण्यम और इसके सीईओ वीनू कुमार थे। पुलिस ने कहा कि आरोपी जे फेलिक्स उर्फ जोकर एक टिकटॉक स्टार है। टिकटॉक के बाद से वह इंस्टाग्राम पर एक्टिव हो गया। उसके हजारों फलोवर्स हैं। फेलिक्स ने एरोनिक्स छोड़कर अपनी खुद की कंपनी स्थापित की थी।
जब पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही थी, मुख्य संदिग्ध शबरीश उर्फ जोकर फेलिक्स सोशल मीडिया पोस्ट डालने में व्यस्त था। दोहरे हत्याकांड के कुछ घंटों बाद, फेलिक्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हत्या में शामिल होने के बारे में एक टीवी स्क्रीनशॉट डाला। हत्या से पहले, उसने एक गुप्त संदेश दिया था जिसमें लिखा था, 'इस ग्रह के लोग हमेशा चापलूस और धोखेबाज होते हैं। इसलिए मैंने इस ग्रह के लोगों को मारा है। मैं केवल बुरे लोगों को चोट पहुंचाता हूं। मैंने कभी भी किसी अच्छे इंसान को चोट नहीं पहुंचाई है।'
फेलिक्स उर्फ जोकर का सोशल मीडिया अकाउंट भी बेहद दिलचस्प है। उसने सोशल मीडिया अकाउंट में खुद को कन्नड़ रैपर लिखा है। उसने कुछ वीडियो भी अपने रैप के पोस्ट किए हैं। वह कई लोकल फैशन शो में भी हिस्सा लेता था। उनके पोस्ट देखें तो उसके बनाए गए ज्यादातर रैप महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमते नजर आते हैं और अपशब्दों से भरे होते हैं।
एरोनिक्स मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की शुरुआत फणींद्र और वीनू ने नवंबर 2022 में की थी। बन्नेरघट्टा रोड पर फर्म से इस्तीफा देने के बाद दोनों ने एयरोनिक्स लॉन्च किया था। फेलिक्स की कंपनी आर्थिक रूप से मुश्किल दौर से गुजर रही थी, फेलिक्स को लगा कि वह फणींद्र और वीनू के उद्यम के कारण ग्राहकों को खो रहा है।