छात्रा का हाथ पकड़ कर खींचने का हुआ प्रयास
मृतक छात्र की बहन ने भाई के साथ मारपीट की घटना के बारे में बताया। उसने कहा कि सोमवार को दोपहर बाद स्कूल बंद होने पर हम दोनों घर जा रहे थे। हमलोग जैसे ही तुर्कपुरवा मोहल्ले में पहुंचे थे कि हमारे स्कूल में पढ़ने वाले इस गांव के छात्रों ने हमारा हाथ पकड़ लिया। हमें खींचने की कोशिश की गई। मैं चिल्ला रही थी। इसी दौरान हमारा भाई उन मनचलों से भिड़ गया। इसके बाद उन लोगों ने हमारे भाई पर हमला कर दिया। वे पटरे से मारते रहे। उसके सिर पर पटरा मारा। इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। उसके पूरे बदन से खून निकल रहा था। लड़की ने कहा कि मैं चिल्लाती रही, कोई मदद करने नहीं आया। मेरे भाई को अधमरा छोड़कर हमें धमकी देते हुए वे लोग वहां से चले गए।
सूचना पर पहुंचे पहुंचे परिजन
छात्रा ने कहा कि मेरा भाई सड़क पर पड़ा तड़प रहा था। मैं असहाय खड़ी उसे देख रही थी। लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन कोई मदद करने नहीं आया। परिजनों को सूचना मिली तो वे लोग वहां आए। भाई को लेकर वे लोग प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे वहां मृत घोषित कर दिया। सिर पर हमले के कारण मौके पर ही छात्र की मौत हो गई थी। छात्रा की आंखों से आंसू सूख नहीं रहे हैं। भाई को अपने सामने मरता देखकर उसके दुख और आक्रोश का ठिकाना नहीं है। छात्र परमानंद इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था।











