मैं लोगों को टिकट दिलवाता हूं, मेरा कौन काटेगा! सांसद ब्रजभूषण बोले- जरूरत पड़ी तो मारपीट भी कर लूंगा

मैं लोगों को टिकट दिलवाता हूं, मेरा कौन काटेगा! सांसद ब्रजभूषण बोले- जरूरत पड़ी तो मारपीट भी कर लूंगा

सीके मौर्य, बाराबंकी: गोंडा सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह रविवार को कहा कि बाराबंकी के सांसद उपेंद्र सिंह रावत जब भी अपने यहां पर खेल प्रतिस्पर्धा आयोजित करें तो उनको जरूर बुलाएं। फुटबॉल और क्रिकेट खेलूंगा भी और जरूरत पड़ी तो मारपीट भी कर लूंगा। वह नगर के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में महर्षि वाल्मीकि क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत करने पहुंचे थे। इस दौरान मंच से उन्होंने कहा कि हिटलर ने अपनी पुस्तक में कहा है कि बीमार आदमी को बच्चे नहीं पैदा करना चाहिए। वहीं लोकसभा चुनाव में उनके टिकट को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने टिकट नहीं कटने का दावा किया।


ऐसा करने पर उससे पैदा हुआ बच्चा भी बीमार होगा। ऐसे में खेल स्वस्थ शरीर के लिए बेहद जरूरी है। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में टिकट कटने के सवाल पर वह भड़क गए और बोले कौन मेरा टिकट काटेगा। मैं खुद लोगों को टिकट दिलवाता हूं। उन्होंने पत्रकार से ही पूछ लिया कि क्या वह उनका टिकट काटेंगे।
 

दानिश अपने गिरेबान में झांके

सांसद ब्रजभूषण ने लोकसभा में असंसदीय भाषा को लेकर मचे घमासान के बीच कहा कि बिधूड़ी के अमर्यादित बयान पर सदन में राजनाथ सिंह माफी मांग चुके हैं। हालांकि बसपा सांसद दानिश को भी अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। सदन में चाहे प्रधानमंत्री मोदी बोल रहे हों या गृहमंत्री, बसपा सांसद लगातार कमेंट्री किया करते हैं, यह स्थिति भी सही नहीं है।
 
 
Advertisement