हुंडई की क्रेटा, वेन्यू और एक्सटर जैसी कारों ने नवंबर में मचाई धूम, घरेलू बाजार में 49 हजार से ज्यादा गाड़ियां बिकीं
हुंडई मोटर इंडिया ने पिछले महीने, यानी नवंबर 2023 की कार सेल्स रिपोर्ट जारी कर दी है। हुंडई के लिए फेस्टिवल सीजन अच्छा रहा और मारुति सुजुकी के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी ने कुल 65801 गाड़ियां बेची हैं, जो कि सालाना रूप से 2.30 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ है। हुंडई ने बीते नवंबर में घरेलू बाजार में 49,451 गाड़ियां बेचीं, जो कि पिछले साल समान अवधि में बिकीं 48,002 गाड़ियों के मुकाबले 3 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ है।
कुल बिक्री में भी बढ़ोतरी
हुंडई कारों की पिछले महीने एक्सपोर्ट में भी तेजी देखी गई। नवंबर 2023 में हुंडई की मेड इन इंडिया कारों की 16,350 यूनिट विदेशों में निर्यात की गई, जो कि पिछले साल नवंबर की 16,001 यूनिट के मुकाबले 2.18 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी के साथ है। वहीं, टोटल सेल देखें तो पिछले महीने हुंडई कारों की बिक्री का आंकड़ा 65,801 यूनिट का रहा, जो कि पिछले साल नवंबर की 64,003 यूनिट के मुकाबले 2.80 फीसदी ज्यादा है।
सस्ती और अच्छी कारें
आपको बता दें कि हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने हर सेगमेंट में अच्छी-अच्छी गाड़ियां पेश की हैं। जहां एंट्री लेवल हैचबैक सेगमेंट में हुंडई ग्रैंड आई10 नियॉस की अच्छी बिक्री होती है, वहीं प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में आई20 भी टॉप सेलिंग मारुति सुजुकी बलेनो को टक्कर देती है। सेडान सेगमेंट में हुंडई ने एंट्री लेवल ऑरा के साथ ही मिडसाइज सेगमेंट में वरना पेश की हैं, जो कि लुक-फीचर्स और माइलेज के मामले में भी अच्छी है।
हुंडई का एसयूवी सेगमेंट में जलवा
हुंडई मोटर इंडिया ने अलग-अलग साइज की एसयूवी सेगमेंट में एक से बढ़कर एक प्रोडक्ट पेश किए हैं, जिनमें माइक्रो एसयूवी सेगमेंट में एक्सटर, सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट सेगमेंट में वेन्यू, कॉम्पैक्ट सेगमेंट में क्रेटा और मिडसाइज सेगमेंट में अल्कजार प्रमुख हैं। हुंडई ने दो इलेक्ट्रिक कारें भी पेश की हैं, जिनमें मिड रेंज कोना ईवी के साथ ही प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में आयोनिक 5 भी है। हाल ही में हुंडई आनोयिक 5 ने 1000 यूनिट बिक्री का माइलस्टोन पार किया है, जो कि कंपनी के इस प्राइस सेगमेंट में बड़ी उपलब्धि है।











