निजी स्कूलों में भी लगाया जा रहा एचपीवी वैक्सीनेशन

निजी स्कूलों में भी लगाया जा रहा एचपीवी वैक्सीनेशन

राजनांदगांव। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान पूरी गति से चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के निजी स्कूलों में 102 किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। जिले में अब तक 4010 किशोरी बालिकाओं को चिकित्सकों की निगरानी में एचपीवी टीकाकरण किया गया है। जिसमें टीकाकरण उपरांत कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं हुआ है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत लक्षित 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल एवं अन्य शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों पर नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक दी जा रही है। पारदर्शिता और बेहतर रिकॉर्ड के लिए इस पूरी प्रक्रिया को यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। जहां लाभार्थी का डिजिटल सर्टिफिकेट भी डाउनलोड किया जा सकता है। चिकित्सकों और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार सही उम्र में ली गई एचपीवी सिंगल-डोज वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में 93 से 100 प्रतितक प्रभावी है। एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और जांची-परखी है। टीका लगवाने के लिए माता-पिता या अभिभावक की सहमति अनिवार्य है। अभियान के तहत शिक्षा विभाग तथा निजी एवं शासकीय हाई स्कूलों में शिविर लगाकर वैक्सीनेशन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने सभी अभिभावकों, स्कूल एवं सामाजिक संगठनों से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देने तथा माता-पिता अपनी बेटियों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित सत्रों में ले जाकर एचपीवी वैक्सीन का सुरक्षा कवच लगवाने की अपील की है। एचपीवी वैक्सीन के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र से संपर्क कर सकते है।


Advertisement