चैंपियंस लीग में भयंकर हादसा, फर्मिन लोपेज के मुंह पर लगे गोलकीपर के जूते, मैदान पर ही बहने लगा खून
Updated on
15 Apr 2026, 01:04 PM
नई दिल्ली: चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल के दूसरे चरण में बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड के बीच खेले गए मुकाबले में एक बेहद खौफनाक मंजर देखने को मिला। बार्सिलोना के स्टार फुटबॉलर फर्मिन लोपेज मैच के पहले हाफ में एक गंभीर चोट का शिकार हो गए जिसने मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और स्टैंड्स में बैठे दर्शकों को दहला दिया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब फर्मिन टीम के लिए तीसरा गोल दागने की कोशिश में डाइव लगा रहे थे। इसी बीच एटलेटिको के गोलकीपर जुआन मुसो के जूते सीधा उनके मुंह पर लग गए।गोल करने की कोशिश में लगी चोट
मैदान पर अफरा-तफरी तब मची जब बॉक्स के अंदर एक क्रॉस पर फर्मिन लोपेज ने डाइविंग हेडर लगाने की कोशिश की। गेंद तो गोल पोस्ट से बाहर निकल गई लेकिन इसी दौरान गोलकीपर मुसो की बाहर निकली हुई बाईं टांग सीधे फर्मिन के चेहरे पर जा लगी। मुसो के जूतों के स्टड्स इतनी जोर से लगे कि फर्मिन तुरंत जमीन पर गिर पड़े और उनके चेहरे से खून बहने लगा। तभी मेडिकल टीम आनन-फानन में मैदान के अंदर दौड़ी।बार्सिलोना ने किया शानदार कमबैक
इस दर्दनाक हादसे से पहले बार्सिलोना ने मैच में शानदार शुरुआत की थी। पहले चरण में 0-2 से पिछड़ने के बाद बार्सिलोना ने जबरदस्त वापसी करते हुए महज 24 मिनट के भीतर ही 2-0 की बढ़त बना ली थी। लैमिन यमाल ने चौथे मिनट में ही डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए पहला गोल दागा जिसके बाद 24वें मिनट में फेरान टोरेस ने बाएं पैर के शानदार फिनिश से बढ़त दोगुनी कर दी। टीम पूरी लय में थी और तीसरे गोल की तलाश में लगातार हमले कर रही थी लेकिन फर्मिन की चोट ने खेल की गति को पूरी तरह रोक दिया।
गोलकीपर को नहीं दिखाया कोई कार्ड
हैरानी की बात यह रही कि रेफरी ने इस खतरनाक चैलेंज के लिए गोलकीपर जुआन मुसो को कोई कार्ड नहीं दिखाया। खेल में आए इस लंबे ब्रेक ने एटलेटिको मैड्रिड को संभलने का मौका दे दिया। जहां बार्सिलोना अपने घायल खिलाड़ी की स्थिति से सहमी हुई थी वहीं एटलेटिको ने इस मानसिक बढ़त का फायदा उठाया और 31वें मिनट में एडेमोला लूकमैन के गोल की मदद से अपनी वापसी की राह आसान कर ली।