रायपुर / प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में वरदान सिद्ध हो रही है। इसी योजना के तहत नगर निगम रायगढ़ निवासी श्री रविशंकर दुबे ने अपने घर पर 5 किलोवाट क्षमता का ऑन-ग्रिड सोलर प्लांट स्थापित किया है। सौर ऊर्जा से अब उनका घर पूर्णतः आत्मनिर्भर बन गया है और जून से अगस्त 2025 तक उनका बिजली बिल ऋणात्मक (शून्य से भी कम) आया है। योजना के अंतर्गत उन्हें सब्सिडी प्राप्त हुई तथा बैंक द्वारा कम ब्याज दर पर ऋण भी दिया गया। श्री दुबे ने बताया कि पहले उनका मासिक बिजली बिल 3,500 से 5,000 रुपये तक आता था, जो अब समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से लाभदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
3 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप पैनल लगाने पर केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से 1 लाख 08 हजार रुपये तक की सब्सिडी
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर कर रही है। इस योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप पैनल लगाने पर केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से 1 लाख 08 हजार रुपये तक की सब्सिडी तथा 300 यूनिट तक की मुफ्त बिजली का लाभ दिया जा रहा है। इससे एक ओर जहां परिवारों को आर्थिक बचत हो रही है, वहीं पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में यह योजना राज्य में तेजी से क्रियान्वित की जा रही है। कोरबा जिले में यह योजना नई ऊर्जा क्रांति का रूप ले चुकी है। अनेक परिवार अब अपनी छतों पर सौर पैनल लगाकर बिजली बिल से मुक्त हुए हैं और अतिरिक्त बिजली से आय भी प्राप्त कर रहे हैं। नकटीखार निवासी श्री रंजीत कुमार तथा राजेंद्र प्रसाद नगर निवासी श्री शुभेंदु घोष जैसे कई लोगों ने इस योजना को अपनाया है और दूसरों के लिए प्रेरक बने हैं। रंजीत कुमार ने अपने घर की बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी कर परिवार को आत्मनिर्भर बनाया, जबकि शुभेंदु घोष ने न केवल स्वयं लाभ लिया बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने आम नागरिकों को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाया है। शासन द्वारा दी जा रही सब्सिडी और आसान बैंक ऋण सुविधा से अब हर घर की छत पर सौर ऊर्जा का उजाला फैल रहा है।
एक किलोवाट पर 45 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी
इसी कड़ी में मुंगेली नगर पालिका के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड दाउपारा निवासी श्री शेख साजिद ने इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। अब उनके घर की सारी विद्युत जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो रही है। श्री साजिद ने बताया कि शासन की इस योजना ने मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत दी है। सौर ऊर्जा से मासिक खर्चों में कमी आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य नागरिकों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। गौरतलब है कि योजना के तहत एक किलोवाट पर 45 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 90 हजार रुपये और तीन किलोवाट पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।











