ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस भोपाल में ऐतिहासिक दिव्य अलौकिक समर्पण समारोह आयोजित

ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस भोपाल में ऐतिहासिक दिव्य अलौकिक समर्पण समारोह आयोजित
भोपाल । ब्रह्माकुमारीज भोपाल के ब्लेसिंग हाउस सेवाकेन्द्र द्वारा एक दिव्य अलौकिक विवाह समारोह आयोजित किया गया |  दुल्हन के रूप मे दो कन्याएं बी के कुंती बहन एवं बी के आरती बहन थीं और दूल्हे के रूप मे स्वयं शिवपरमात्मा थे |  बाराती के रूप मे भोपाल के सैकड़ों नगरवासी एवं बाहर से आए हुए अतिथि शामिल हुए  | गाजे बाजे के साथ निकली बारात : बैंड बाजे एवं गाजे बाजे के साथ बारात ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस से निकली एवं होशंगाबाद रोड स्थित वृंदावन गार्डन में समाप्त हुई | जहां पर दिव्य  अलौकिक प्रभु समर्पण समारोह आयोजित किया गया |
वरिस्ठ राजयोगिनी दीदियों की उपस्थिति मे हुआ समर्पण समारोह : समर्पण समारोह कार्यक्रम हेतु ब्रह्माकुमारीज संस्थान के मुख्यालय माउंट आबू से वरिस्ठ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी शारदा दीदी विशेष रूप से उपस्थित थीं | इसके अतिरिक्त भोपाल ज़ोन की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी अवधेश दीदी ने कार्यक्रम मे उपस्थित होकर सभी समर्पित होने वाली कन्याओं को आशीर्वाद दिया | कार्यक्रम में भोपाल ज़ोन की वरिस्ठ राजयोगिनी दीदियां  उपस्थिति थीं  |

बच्चों की प्रस्तुतियों ने समय बांधा : प्रभु समर्पण समारोह में समर्पण की थीम पर बच्चों ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर समय बांध दिया |

सुबह 3.30 बजे से शुरू हुई बहनों की दिनचर्या-
परमात्म पर अपना जीवन समर्पण करने वालीं दोनों बहनों की दिनचर्या अलसुबह ब्रह्ममुहूर्त में 3.30  बजे से शुरू हुई। सबसे पहले दोनों ने परमपिता शिव परमात्मा, शिव बाबा का एक घंटे ध्यान किया। इसके बाद सुबह 7 बजे से आठ बजे तक सत्संग (मुरली क्लास) में भाग लिया। इसके बाद दिनभर में अपने साथ आए नाते-रिश्तेदारों के साथ बिताया। एक-दूसरे को बधाइयों का दौर चलता रहा। शाम 5 बजे से दिव्य अलौकिक समर्पण समारोह का  मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों को खाने में स्पेशल ब्रह्माभोजन कराया गया।

चुनरी, माला पहनकर दुल्हन की तरह सजीं बहनें-
दोनों बहनें श्वेत वस्त्रों में चुनरी ओढक़र, माला पहनकर, बिंदी के साथ सज-धजकर पहुंचीं। जहां एक-एक बहनों ने अपने परिजन के साथ मुलाकात कर फोटो निकलवाई। साथ ही खुशी में डांस किया।

कन्याओं के माता पिता रिश्तेदार खुशी मे हुए भावुक : कन्याओं के माता पिता अपनी कन्या के समर्पण से बहुत खुश हैं | आयोजन के समय कन्याओं के माता पिता रिश्तेदार उपस्थित थे  | इस अवसर पर उन्होंने अपनी स्वेच्छा से अपने कन्या को एक दृढ़ संकल्प के  साथ ब्रह्माकुमारीज संस्था में विश्व सेवा के कार्य हेतु समर्पित किया | सैकड़ों बाराती इस दिव्य विवाह के साक्षी बने। खुशी में भावुक माता-पिता बोले- आज हमारा जीवन धन्य हो गया। परमात्मा से यही कामना है कि हर जन्म में ऐसी शक्ति स्वरूपा, कुल उद्धार करने वाली बेटी मिले। खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं कि आज मेरी बेटी समाज कल्याण के लिए संयम का मार्ग अपना रही है। अपने लिए तो सभी जीते हैं लेकिन मेरी बेटी अब विश्व कल्याण के लिए जिएगी।
दीदियों ने कन्याओं के परिजनों को दी सौगात : माउंट आबू से आई हुई राजयोगिनी शारदा दीदी एवं वरिष्ठ दीदियों ने कन्याओं के परिजनों को गिफ्ट दिए | एवं उन्हे कन्याओं के समर्पण की बधाई दी ।

ब्रह्माकुमारी बनकर सात फेरों के साथ सात संकल्प लिए-
1. मैं दृढ़ संकल्प के साथ निश्चय पूर्वक यह कहती हूं कि सारे विश्व की आत्माओं के पिता कल्याणकारी परमात्मा शिव ज्योतिर्बिंदु स्वरूप हैं। वे वर्तमान समय हर कल्प के अनुसार इस धरा पर अवतरित होकर प्रजापिता ब्रह्मा के साकार माध्यम द्वारा गीता ज्ञान एवं राजयोग की शिक्षा द्वारा हम आत्माओं को पावन बना रहे हैं।
2. मुझे यह निश्चय है कि परमात्मा इस ज्ञान के द्वारा नई सतयुगी सृष्टि की स्थापना के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय कार्यरत है।
3. मैंने अपने स्व विवेक, स्व इच्छा और अनुभव के आधार पर यह निर्णय लिया है कि अब मैं अपना सारा जीवन परमात्मा के इस पुनीत कार्य में समर्पित कर सफल करुं।
4. आज शुक्रवार 30 जून 2023 को ब्रह्माकुमारीज की मुख्य प्रशासिका परमश्रद्धेय आदरणीय दादी रतनमोहिनी जी के पावन सानिध्य में आयोजित समारोह के इस सौभाग्यपूर्ण अवसर पर प्राणप्यारे अव्यक्त बापदादा एवं सर्व ब्राह्मण परिवार के समक्ष यह प्रतिज्ञा करती हूं कि मैं अपने दिल में सदा एक दिलाराम शिव बाबा को ही दिल में बसाऊंगी। सदा श्रेष्ठ ते श्रेष्ठ शिवबाबा की श्रीमत पर पूर्णत: चलूंगी।
5. सदा शिवबाबा और उनके द्वारा रचित यज्ञ के प्रति आज्ञाकारी, ईमानदार और वफादार बनकर सच्चाई और दिल की सफाई के साथ चलूंगी। मन-वचन और कर्म से पवित्रता के व्रत का पालन करुंगी।
6. शिव बाबा मुझे जहां बिठाएं, जो खिलाएं, जो पहनाएं इस कथन को अपने जीवन का आधार बनाकर चलूंगी। सादगी को अपने जीवन का शृंगार बनाऊंगी।
7. ऐसा कोई कर्म नहीं करुंगी, जिससे लौकिक और अलौकिक परिवार का नाम बदनाम हो। सदा ब्राह्मण कुलदीपक बनकर ब्राह्मण कुल का नाम रोशन करुंगी।

बेटियों के माता-पिता ने भी लिया संकल्प-
1. मैं अपनी लौकिक बच्ची को परमात्मा को समर्पित करती हूं।
2. सर्व के सुखदाता, विश्व के कल्याणकारी, सर्व के आधारमूर्त, उद्धारमूर्त, प्यारे मात-पिता बापदादा तथा निमित्त बनी हुईं रतनमोहिनी दादीजी हम अपनी कुमारी के लौकिक मात-पिता अच्छी तरह से इस ईश्वरीय कार्य को जानते हैं।
3. हमें बहुत खुशी है कि ऐसे विश्व परिवर्तन के श्रेष्ठ कार्य में हमारी पुत्री को सहयोगी बनने का सौभाग्य मिला।
4. हमारी लौकिक पुत्री सेवाकेंद्र में सेवारत है। उसका पवित्र, निर्मल, शांत और आनंदमय जीवन देखकर इन्हें इस ईश्वरीय कार्य अर्थ समर्पित करने की दिल से शुभ इच्छा उत्पन्न हुई है। सो आज समर्पण के शुभ दिन पर हम इस विशाल सुंदर और श्रेष्ठ कार्य के लिए अपनी इच्छा व प्यार से इन्हें समर्पित कर रहे हैं।
5. हमें यह भी पता है कि प्रेम तथा कायदे के संतुलन से स्वयं भगवान व विश्व के सर्व आत्माओं की दुआएं होती हैं। इस ईश्वरीय विश्व विद्यालय के भाई-बहनों के पवित्र, त्यागमय, सेवामय जीवन की श्रेष्ठ धारणा, पवित्रता के नियम को भी हम जानते हैं।
6. यदि इस नियम में पूर्ण रीति से मेरी बच्ची न चल सके व ईश्वरीय मर्यादाओं के विरुद्ध कोई कर्म करे तो इसके जीवन के प्रति हम संपूर्ण जिम्मेदार हैं। आप इसके जीवन के प्रति जो भी कदम उठाएंगी उसमें हम संपूर्ण सहमत रहेंगे।
7. अंत में हम यही कहेंगे कि भगवान के इस कार्य में हमारी बच्ची दिनोंदिन तन-मन से संपूर्ण सहयोगी बन अपना श्वांस, समय, मन, वचन, कर्म सफल करेंगी और अन्य का कराएंगी।

ब्लेसिंग हाउस भोपाल का प्रथम वार्षिकोत्सव समारोह मनाया गया 
ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस की निदेशिका  बी के डॉ रीना दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस की स्थापना के एक  वर्ष पूर्ण होने पर प्रातः 10 बजे ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया गया | कार्यक्रम मे माउंट आबू से पधारी राजयोगिनी शारदा दीदी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं | इसके अतिरिक्त भोपाल ज़ोन की वरिष्ठ दीदिया उपस्थति थीं | बच्चों से सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम मे सबका मन मोह लिया |
Advertisement