गोरखपुर में उपजेंगे हिमाचल के सेब, पूर्वांचल के तराई क्षेत्र का एप्पल खाने के लिए हो जाइए तैयार
गोरखपुर: पहाड़ों के बीच सेब की होने वाली खेती अब तराई के किसानों के लिए वरदान बनेगी। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। गोरखपुर के बेलीपार स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। लगभग तीन वर्ष पहले गोरखपुर के बेलीपार स्थित कृषि विकास केंद्र ने इसका अनूठा प्रयोग किया था। साल 2021 में संस्थान ने हिमाचल से सेब की कुछ प्रजातियां मंगाई। उन्हें खेतों में लगाया और वर्ष 2023 में इनमें फल आ गए। इस सफल प्रयोग ने किसानों को अपनी ओर आकर्षित किया और एक किसान ने इसकी खेती अपने दम पर शुरू कर दी। संस्थान की सफलता से प्रेरित होकर गोरखपुर के पिपराइच के उनौला गांव के किसान धर्मेंद्र सिंह ने इसकी खेती का रिस्क लिया।











