इंदौर। इंदौर शहर में रविवार शाम से सोमवार दोपहर तक गृहमंत्री अमित शाह का दौरा रहेगा। इसके लिए शनिवार को यातायात प्रबंधन ने डायवर्जन जारी किया है। इसमें बताया कि रविवार शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक और सोमवार सुबह 9 से 12 बजे तक सुपर कारिडाेर से ब्रिलिएंट कन्वेशन सेंटर तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
देवास नाका से सुखलिया बापट चौराहा होते हुए लवकुश चौराहा, सुपर कारिडोर रोड व उज्जैन रोड पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा रूट में गृहमंत्री के काफिले के अनुसार मार्ग पर कुछ समय के लिए तात्कालिक मार्ग बंद होते रहेंगे।
इंदौर में गुजारेंगे रात
यातायात पुलिस ने बताया कि रविवार को गृहमंत्री इंदौर एयरपोर्ट से सुपर कारिडोर रोड से लवकुश चौराहा, उज्जैन रोड, बरोली टोल नाका से उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद पुनः इसी मार्ग से लवकुश चौराहा होते हुए, एमआर 10 चौराहा, चन्द्रगुप्त मौर्य चौराहा, बापट चौराहा, न्यायनगर चौराहा होते हुए ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। वे रविवार रात यहीं गुजारेंगे। सोमवार सुबह बापट चौराहा, लवकुश चौराहा, सुपर कारिडोर रोड होते हुए इंदौर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को इंदौर में
इंदौर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को इंदौर प्रवास पर रहेंगे। वे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और इंदौर विधानसभा क्षेत्र एक के प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय के महावीर बाग स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्री रविवार शाम 5 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वे सीधे महावीर बाग पहुंचेंगे। वे कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। शाम 7 बजे वे वापस एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।











