वापसी के बीच MP में तेज बारिश का अलर्ट:अगले 3 दिन इंदौर-जबलपुर संभाग में गिरेगा पानी; टीकमगढ़ में आज बारिश हुई

वापसी के बीच MP में तेज बारिश का अलर्ट:अगले 3 दिन इंदौर-जबलपुर संभाग में गिरेगा पानी; टीकमगढ़ में आज बारिश हुई

मानसून की विदाई के बीच मध्यप्रदेश में अगले 3 दिन तेज बारिश का अलर्ट है। इंदौर-जबलपुर संभाग में पानी गिरेगा। वहीं, भोपाल में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। शनिवार को धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में तेज बारिश हो सकती है। इधर, शनिवार को टीकमगढ़ में सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शहर में घने बादलों के साथ बारिश शुरू हुई। तवा डैम का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। डैम के कैचमेंट एरिया खासकर पचमढ़ी और अन्य ऊपरी क्षेत्रों में भी भारी बारिश के चलते बांध में लगातार पानी की आवक हो रही है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शनिवार सुबह 6 बजे तवा डैम का एक गेट 5 फीट की ऊंचाई तक खोला गया है। आज सुबह भी बारिश हुई। इससे पहले शुक्रवार रात में इटारसी और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुककर पानी गिरा।

प्रदेश के 11 जिलों से मानसून ने ली विदाई प्रदेश के 11 जिलों से मानसून पूरी तरह से विदा हो चुका है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं। वहीं, उज्जैन, राजगढ़ और अशोकनगर के कुछ हिस्से से मानसून की विदाई हो चुकी है। इस बीच प्रदेश में बारिश का दौर भी जारी है। शुक्रवार को छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा सतना, सिवनी, सीधी, उमरिया, बालाघाट, नर्मदापुरम के पचमढ़ी में बारिश हुई। पचमढ़ी में आधा इंच से ज्यादा पानी गिर गया। इस वजह से बारिश का दौर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से एक टर्फ गुजर रही है। इस वजह से प्रदेश के निचले हिस्से के जिलों में हल्की बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान टर्फ और लो प्रेशर एरिया (निम्न दाब क्षेत्र) की सक्रियता बढ़ जाएगी। इससे बारिश का दौर चलेगा। इस बीच प्रदेश के कुछ जिलों से मानसून लौट जाएगा। जिन जिलों से लौटा, वहां अच्छी बारिश प्रदेश के जिन 7 जिलों से शुक्रवार को मानसून लौटा, वहां पर सामान्य से ज्यादा बारिश हो गई है। गुना में सबसे ज्यादा 65.4 इंच पानी गिर चुका है। दतिया में 29.3 इंच के मुकाबले 33.7 इंच, शिवपुरी में 55 इंच, रतलाम में 48.5 इंच, मंदसौर में 33.7 इंच और आगर-मालवा में 39 इंच बारिश हो गई।

बता दें कि इस साल मानसून ने मध्यप्रदेश में 16 जून को दस्तक दी थी। समय से एक दिन बाद मानसून प्रदेश में एंटर हुआ था। बुधवार को जिन जिलों से मानसून की विदाई हुई है, उनमें अमूमन 30 सितंबर तक ऐसा होता है। इस बार 6 दिन पहले ही यहां से मानसून लौट गया है। 6 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों से मानसून विदा हो जाता है। अब तक 119 प्रतिशत बारिश हो चुकी बता दें, प्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 44.2 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 37 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 7.2 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। यह कोटा पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया है। अब तक 118 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।


Advertisement