मौसम विभाग ने देश के 4 राज्यों के लिए आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इन राज्यों के साथ छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कई जिलों में रविवार को तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचा।
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम स्थित बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 46.0 डिग्री सेल्सियस टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया। उधर, ओडिशा के कुछ जिलों में तापमान 43 डिग्री के करीब बना हुआ है। यहां हीटवेव चलने के कारण स्कूलों का समय बदला गया है। आज से 24 अप्रैल तक स्कूल सुबह 6.30 से 10.30 तक ही लग रहे हैं। वहीं, 25 अप्रैल से गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
मौसम विभाग ने दिल्ली में आज बूंदाबांदी की संभावना भी जताई है। वहीं, कुछ जगह धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। ऐसे में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश में गर्मी के दौर के साथ-साथ 23 राज्यों में बारिश का अनुमान जताया गया है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रधेश और तेलंगाना शामिल हैं।
राजस्थान के जयपुर-बीकानेर में आज बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
राजस्थान में रविवार को मौसम सामान्य रहा। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश के सभी शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
सोमवार को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके कमजोर होने के कारण दो संभाग जयपुर और बीकानेर में आंधी-बारिश हो सकती है। 22 अप्रैल को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे गंगानगर, नागौर, हनुमानगढ, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर में बारिश हो सकती है।
हिमाचल में बर्फबारी के कारण 98 सड़कें बंद
हिमाचल में आज-कल बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। खराब मौसम का यह सिलसिला 27 अप्रैल तक बना हुआ है। इस दौरान प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में जहां पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछेगी, वही माध्यम से कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है।
रविवार को मौसम साफ रहने से बंद सड़कों की बहाली का काम भी जारी रहा। अभी भी 98 सड़कें यातायात के लिए बंद है। इसमें ज्यादा सड़के जिला लाहौल स्पीति की है जो बर्फबारी के कारण बहाल नही हो पा रही।











