दंतेवाड़ा I कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में चल रहे “स्वच्छता ही सेवा है” अभियान (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत भांसी में एक दिवसीय स्वास्थ्य सुरक्षा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में भांसी सेक्टर के अंतर्गत आने वाले 13 ग्रामों भांसी, बड़ेकमेली, दुगेली, मोलसनार, गंजेनार, मसेनार, नेरली, पाढ़ापुर, बेनपाल, बड़ेबचेली, धुरली, गामावाड़ा और कुम्हाररास से लगभग 40 स्वच्छताग्राही एवं सफाई कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत ‘‘वाश‘‘ कार्यक्रम के जिला सलाहकार श्री सुरेश कुमार अनंत ने की। उन्होंने स्वच्छताग्रहियों को सुरक्षा एवं गरिमा, जल स्वच्छता और साफ-सफाई के महत्व पर प्रशिक्षण दिया तथा कार्य करते समय सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, नियमित स्वास्थ्य जांच और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर में बचेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से आए मेडिकल ऑफिसर डॉ. मंदीप कुमार मीणा एवं उनकी टीम ने सभी स्वच्छताग्रहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान उच्च रक्तचाप, शुगर और हीमोग्लोबिन सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर में कुल 40 स्वच्छताग्रहियों का स्वास्थ्य परीक्षण संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्वच्छता नोडल अधिकारी श्री श्यामलाल मरावी, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के विकासखंड समन्वयक श्री प्रकाश ठाकुर, ग्राम पंचायत भांसी के सरपंच, पंचायत सचिव श्री बोटीराम भास्कर तथा ग्राम की सभी मितानिन बहनें भी उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छताग्राही समाज के असली “स्वच्छता प्रहरी” हैं और उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की देखभाल करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छता ही सेवा अभियान अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा शिविर आयोजित











