मस्कट गया था नौकरी करने, अब चूर-चूर किया शाहीन अफरीदी का विश्व रिकॉर्ड, जानें कौन हैं बिलाल खान

मस्कट गया था नौकरी करने, अब चूर-चूर किया शाहीन अफरीदी का विश्व रिकॉर्ड, जानें कौन हैं बिलाल खान
नई दिल्ली: क्रिकेट रिकॉर्ड लिस्ट पर जब भी नजर डालेंगे तो पाएंगे कि बड़ी टीमों के खिलाड़ियों का एकतरफा कब्जा है। हालांकि, पिछले दो-तीन सालों में माहौल थोड़ा बदल गया है। अब छोटी टीमों के खिलाड़ी भी लिस्ट में ऊपर आने लगे हैं। कुछ के नाम तो विश्व रिकॉर्ड भी है। अब ओमान के स्टार पेसर बिलाल खान को ही देख लीजिए। उन्होंने वनडे में 100 विकेट लेने वाले दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज बनकर इतिहास रच दिया। पेशावर में जन्मे 37 वर्षीय बाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज ने डंडी में ओमान और नामीबिया के बीच खेले गए ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।

बिलाल ने अपने 10 ओवर के कोटे में 50 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। इन तीन विकेटों की मदद से उन्होंने 49 वनडे में अपने विकेटों की संख्या 101 तक पहुंचाई। इस तरह वह स्टार पाकिस्तानी पेसर शाहीन शाह अफरीदी के 51 वनडे में 100 बल्लेबाजों को आउट करने के विश्व रिकॉर्ड से आगे निकल गए हैं। यह आंकड़ा सिर्फ तेज गेंदबाजी का है, लेकिन ओमान जैसी टीम के खिलाड़ी का इस तरह से वर्ल्ड क्रिकेट पर बड़ी बड़ी उपस्थिति देखने को मिल रही है।
Advertisement