26 गेंद पर 4 बार कर चुका शिकार, अफगानिस्तान के इस गेंदबाज से कैसे बचेंगे रोहित शर्मा
नई दिल्ली: वर्ल्ड कप 2023 के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम का सामना अफगानिस्तान से होगा। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडिमय में खेला जाएगा। भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। दूसरी तरफ अफगानिस्तान को बांग्लादेश से हार मिली थी। इस मैच को जीतकर जहां रोहित शर्मा की टीम पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी। वहीं अफगानिस्तान की नजरें उलटफेर करने पर होंगी।
रोहित शर्मा के सामने बड़ी चुनौती
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खाता नहीं खोल पाए थे। जोस हेजलवुड की अंदर आती गेंद पर रोहित आउट हुए। अब अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उनकी चुनौती कम नहीं होने वाली है। अफगानिस्तान के प्रमुख लेग स्पिनर राशिद खान के खिलाफ रोहित काफी जूझते हुए नजर आते हैं। दोनों का सामना आईपीएल में कई बार हुआ है और राशिद हर बार भारी पड़े हैं।
राशिद के खिलाफ रोहित का प्रदर्शन
आईपीएल में अभी तक रोहित शर्मा के खिलाफ राशिद खान ने 26 गेंद डाली है। इसमें उन्होंने सिर्फ 29 रन बनाए हैं। इस दौरान रोहित 4 बार पवेलियन लौट चुके हैं। उनका औसत राशिद के खिलाफ सिर्फ 7.2 का ही है। हालांकि टी20 इंटरनेशनल में राशिद के खिलाफ 8 गेंद पर रोहित ने 2 छक्कों की मदद से 20 रन बनाए हैं। अब दिल्ली में पहली बार दोनों के बीच वनडे में टक्कर हो सकती है।
दिल्ली में होगी रनों की बरसात
दिल्ली में होने वाले इस मुकाबले में रनों की बरसात होने की उम्मीद है। दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच यहां हुए मुकाबले में 750 से ज्यादा रन बनने थे। इस मैच में भी पिच वैसी ही रहने की उम्मीद है। अगर बल्लेबाजी वाली पिच हुई तो और रोहित सेट हो गए तो राशिद के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होने वाला है।











