विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ खेलना चाहता था
विदर्भ की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले हर्ष दुबे ने जियोस्टार पर कहा, 'अगर आप किसी भी युवा क्रिकेटर से पूछें कि वे अभी किसके साथ खेलना चाहते हैं तो पहले दो नाम विराट कोहली और रोहित शर्मा होंगे। मैं उन्हें देखते हुए बड़ा हुआ हूं। जब से मैंने क्रिकेट को समझना शुरू किया है वे भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और वर्ल्ड क्रिकेट में छाए हुए हैं। इसलिए उनके साथ खेलने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।'दुबे ने कहा, 'मैं हमेशा कम से कम एक लेजेंड के साथ खेलना चाहता था इससे पहले कि वे रिटायर हो जाएं या जब भी उनका आखिरी दौर आए। अगर मुझे उनके साथ एक मैच भी खेलने को मिला तो यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा होगा।' उन्होंने कहा, 'सच कहूं तो जैसे ही मेरा नाम श्रीलंका-अफगानिस्तान ए टीम के साथ होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज के लिए आया मुझे लगा कि मैं अभी टीम में नहीं हूं। इसलिए मैंने खुद से कहा कि अभी आईपीएल पर ध्यान दो और जब समय आएगा तो त्रिकोणीय सीरीज के बारे में सोचूंगा। मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि मेरा नाम आ सकता है और दोनों फॉर्मेट में जगह मिलने का अंदाजा तो बिल्कुल नहीं था। मेरे पास अपनी खुशी को जताने के लिए शब्द नहीं हैं।'
फोन रखने के बाद पता चला
भारतीय टीम में अपने चयन के समय को याद करते हुए दुबे ने कहा, 'हम एयरपोर्ट पहुंचे थे और पता चला कि हमारी फ्लाइट एक घंटे लेट है। मुझे एक क्रिकेट सोशल मीडिया पेज मैनेज करने वाले किसी व्यक्ति का फोन आया, जिसमें पूछा गया कि वनडे सीरीज में मेरा नाम होने पर मुझे कैसा लग रहा है। लाउंज में शोर और नेटवर्क की दिक्कतों की वजह से, मुझे लगा कि वह श्रीलंका ए वनडे त्रिकोणीय सीरीज की बात कर रहे हैं। मैंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि मैं अपने सपने के एक कदम और करीब आ गया हूं और मेरा फोकस अभी भी आईपीएल पर है।'दुबे ने कहा, 'जैसे ही मैंने फोन रखा, मुझे मैसेज आने लगे कि मुझे टेस्ट और दोनों के लिए कॉल-अप मिला है। मैं संशय में था क्योंकि टीम की घोषणा अभी-अभी हुई थी इसलिए मैंने जल्दी से ऑनलाइन चेक किया और खबर देखी। सच कहूं तो मुझे यह समझने में कुछ मिनट लगे कि क्या हुआ था। जब मुरली सर ने मुझसे पूछा कि टीम में दूसरे स्पिनर कौन हैं तो मैंने उनसे कहा कि मैंने सिर्फ अपना नाम देखा है। सच में ऐसा लगा जैसे मैं सपना देख रहा हूं।'











