हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई ने खत्म किया 13 साल का सूखा, रोहित शर्मा के तूफान में उड़ गई KKR की टीम

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई ने खत्म किया 13 साल का सूखा, रोहित शर्मा के तूफान में उड़ गई KKR की टीम
मुंबई: IPL 2026 में मुंबई इंडियंस ने आखिरकार वो कर दिखाया जिसका फैंस को 13 साल से इंतजार था। वानखेड़े के मैदान पर हिटमैन रोहित शर्मा का बल्ला ऐसा गरजा कि केकेआर के 220 रन भी छोटे पड़ गए। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई ने साल 2012 के बाद पहली बार अपना ओपनिंग मैच जीतकर इतिहास रच दिया है।

रोहित और रिकेल्टन की दमदार साझेदारी

221 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने वैसी ही शुरुआत दी जिसकी टीम को जरूरत थी। रोहित ने 78 रनों की कड़क पारी खेली, जबकि रिकेल्टन ने 81 रन ठोककर महफिल लूट ली। दोनों के बीच हुई 148 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप ने मैच को एकतरफा कर दिया। मुंबई ने 19.2 ओवर में ही 224 रन बनाकर 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की।

हार्दिक पंड्या ने रोहित को बताया आउटस्टैंडिंग

जीत के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या काफी खुश नजर आए। उन्होंने पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'रोहित को इस उम्र में भी ऐसे शॉट खेलते देख हर कोई हैरान रह जाता है। उनकी पारी एक्सीलेंट और आउटस्टैंडिंग से कम नहीं थी।' हार्दिक ने यह भी माना कि आधुनिक क्रिकेट में 220 का लक्ष्य अब मुश्किल नहीं रहा, लेकिन अगर केकेआर 240-250 तक पहुंच जाता तो चुनौती कठिन होती।

हार्दिक ने शार्दुल के लिए कही ये बात

गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर ने हार्दिक के भरोसे पर खरा उतरते हुए 39 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए। हार्दिक ने शार्दुल को लेकर मजाकिया लेकिन संजीदा अंदाज में कहा, 'मैने शार्दुल से कह दिया है कि बहुत फ्रेंचाइजी बदल लीं, अब तुम्हें करियर के अंत तक यहीं रहना है। जिस तरह से वो बल्लेबाजों को चकमा देते हैं, वो काबिल-ए-तारीफ है।'

केकेआर की मेहनत पर फिरा पानी

इससे पहले केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों की बदौलत 220/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने वानखेड़े की सपाट पिच पर केकेआर के गेंदबाजों की एक न चलने दी। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने अपने 13 साल पुराने इतिहास को बदल दिया है।
Advertisement