युवक ने एक हफ्ते पहले ये रील्स बनाई थी, जो वायरल हो गई। इस पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए युवक की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक आयुष पासवान जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव का रहने वाला है।
हाथ में तमंचा, मुंह में सिगरेट... घोड़े पर बैठ धुएं के छल्ले उड़ा रहा था युवक, अब पहुंचा जेल
खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में हथियार के साथ रील्स बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। युवक ने हाथ में तमंचा दिखाते हुए और सिगरेट का धुआं उड़ाते हुए रील बनाई थी। आरोपी युवक का नाम आयुष पासवान है। 20 वर्षीय आयुष पासवान की एक रील्स वायरल हुई। इसमें वह दाहिने हाथ में तमंचा पकड़े और दूसरे हाथ में सिगरेट लेकर घोड़े की सवारी करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने कहा कि ऐसा लगता है कि वीडियो किसी और ने शूट किया था।
रील्स की वजह से दारोगा भी हो चुकी हैं सस्पेंड
इससे पहले, मुंगेर जिले में तैनात दारोगा पूजा कुमारी वर्मा को भी सोशल मीडिया पर हथियार और पुलिस वर्दी में रील्स की वजह से सस्पेंड कर दिया गया। पूजा कुमारी वर्मा ने बाद में अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया। उनके इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे।











