इकॉनमी के लिए बड़ी खुशखबरी! 600 अरब डॉलर के पार गया हमारा खजाना, उधर पाकिस्तान की बुरी हालत
Updated on
09 Dec 2023, 02:31 PM
नई दिल्ली : भारत के खजाने से जुड़ी एक बड़ी अच्छी खबर सामने आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) एक दिसंबर को बढ़कर 604 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है। चार महीने में पहली बार विदेशी मुद्रा भंडार 600 अरब डॉलर के पार हुआ है। इससे पहले इस साल 11 अगस्त को विदेशी मुद्रा भंडार 600 अरब डॉलर से ऊपर था।4 महीने में पहली बार 600 अरब डॉलर के पार
भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को दिसंबर की द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा करते हुए कहा, 'भारत का विदेशी मुद्रा भंडार एक दिसंबर, 2023 को 604 अरब डॉलर था। इससे हम अपनी बाहरी वित्तपोषण जरूरतों को सुगमता से पूरा कर सकते हैं।' इससे पहले 24 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 597.93 अरब डॉलर था।
642 अरब डॉलर है ऑल टाइम हाई
अक्टूबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 642 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था। इसके बाद पिछले साल से वैश्विक घटनाक्रमों की वजह से रुपये को दबाव से बचाने के लिए केंद्रीय बैंक ने इस भंडार का इस्तेमाल किया, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई। दास ने कहा कि अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने और मजबूत अमेरिकी करेंसी के बावजूद 2023 के कैलेंडर साल में भारतीय रुपये में उतार-चढ़ाव अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं की मुद्रा की तुलना में कम रहा है।
पाकिस्तान के खजाने में बड़ी गिरावट
उधर पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज की गई है। 1 दिसंबर को खत्म हुए सप्ताह में पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 3.3 फीसदी या 237 मिलियन डॉलर गिर गया। इससे यह 7,020.2 मिलियन डॉलर रह गया है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों से यह पता लगा है।