पिछले करीब एक हफ्ते में इंडिगो की 5,500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। यह मामला संसद से लेकर कोर्ट तक पहुंच चुका है। नागरिक उड्डयन मंत्री ने इंडिगो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। इस बीच इंडिगो ने DGCA को दिए जवाब में अपनी उड़ानों में हुई भारी गड़बड़ी के लिए पांच कारणों को जिम्मेदार ठहराया है। इनमें नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम और सर्दियों के शेड्यूल में हुए बदलाव शामिल हैं।
एयरलाइन में मांगा और समय
एयरलाइन का कहना है कि उसे जवाब देने के लिए जितना समय दिया गया है, उसमें गड़बड़ी का सटीक कारण बताना संभव नहीं है इंडिगो ने DGCA से और समय मांगा है। जनता के गुस्से को देखते हुए, यह देखना बाकी है कि क्या इंडिगो को और समय मिलेगा। इस बीच DGCA इंडिगो के ऑपरेशन को कम कर सकता है ताकि दूसरों के लिए जगह बन सके। विमानन मंत्रालय ने बताया कि इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीटीओ इसिड्रे पोर्केरस ने सोमवार शाम को जवाब दिया है। DGCA इसकी जांच कर रहा है और उचित समय पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











