मध्यप्रदेश के भोपाल में निर्मित 90 डिग्री टर्न वाला रेलवे ओवरब्रिज (ROB) देश भर में सुर्खियां बंटोर रहा है। इंदौर में भी जेड (Z) आकार का ब्रिज तैयार हो रहा है। हाल ही में प्रदेश में कई जगहों से सड़क, पुल, भवनों के निर्माण में ऐसी गड़बड़ियां सामने आई हैं।
इसके चलते अब लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियरों को कंस्ट्रक्शन वर्क के रूल्स पढ़ने होंगे। उन्हें नई तकनीकों की स्टडी कराई जाएगी। विभागीय परीक्षा भी पास करना पड़ेगी। इस परीक्षा में मिले नंबरों के आधार पर फील्ड में पोस्टिंग दी जाएगी और जवाबदारी के काम सौंपे जाएंगे। 15 अगस्त के बाद आयोजित होने वाली परीक्षा में कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री और उपयंत्री स्तर के इंजीनियर्स शामिल होंगे। जबकि चीफ इंजीनियर और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर को सिर्फ स्टडी करनी होगी।
दरअसल, पीडब्ल्यूडी ने भवन, सड़क और पुल बनाने के मामले में मापदंडों का पालन नहीं किए जाने पर इंजीनियरों पर सख्ती की तैयारी की है। विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने एक निर्देश जारी कर कहा है कि प्रदेश में कई स्थानों पर भवन, सड़क और पुल बनाने का काम किया जा रहा है। इसकी क्वालिटी में गड़बड़ी न हो और निर्माण कार्य का टिकाऊपन (ड्यूरेबिलिटी) बना रहना चाहिए। सुरक्षा मानकों का पालन पूरी तरह से होना जरूरी है।
मानकों का दोबारा अध्ययन करने के निर्देश जारी निर्देश में कहा है कि इंडियन रोड कांग्रेस और नेशनल बिल्डिंग कोड के साथ भारतीय मानक कोड के आधार पर काम करना होगा। विभाग के सब इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और एक्जीक्यूटिव इंजीनियर को मानकों का दोबारा और अच्छे से अध्ययन करना होगा।
निर्देश में कहा है कि सभी इंजीनियर्स 15 अगस्त तक बताए गए स्टडी मटेरियल की स्टडी करें ताकि फ्यूचर में प्रदेश में होने वाले कंस्ट्रक्शन में इस आधार पर काम कराए जा सकें। इसके बाद सभी संबंधित इंजीनियर्स की परीक्षा लेकर उनके स्टडी एक्सपीरियंस का मूल्यांकन किया जाएगा।
विभाग के पास रहेगा परीक्षा का डेटा परीक्षा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही मोड में कराई जा सकती है। इस परीक्षा के जरिए विभाग इंजीनियरों की तकनीकी क्षमता बढ़ाने, प्रैक्टिकल वर्किंग एफिशिएंसी बढ़ाने और क्वालिटी कंट्रोल में सुधार का काम किया जा सकेगा। इस परीक्षा के डेटाबेस विभाग सुरक्षित रखेगा, जिसका उपयोग इंजीनियर के काम के एनुअल मूल्यांकन, प्रशिक्षण की आवश्यकता, पोस्टिंग और विशेष परियोजनाओं के आवंटन में होगा।











