भिलाई में तलवार-पिस्टल लेकर घुसे गुंडे...चलाई गोली:घर में पत्नी-बच्चे थे, पति नहीं मिला तो फायर कर भागे

भिलाई में तलवार-पिस्टल लेकर घुसे गुंडे...चलाई गोली:घर में पत्नी-बच्चे थे, पति नहीं मिला तो फायर कर भागे
भिलाई, भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में एक शख्स को जान से मारने की कोशिश की गई। जब घर में वह व्यक्ति नहीं मिला तो गुंडों ने हवाई फायर किया और वहां से चले गए। घटना के बाद परिजन छावनी थाने शिकायत दर्ज करने पहुंचे। पुलिस ने एक 2 संदेहियों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जिसके घर में गोली चलने की घटना हुई है उसका नाम सूरज सिंह है। घटना के समय सूरज किसी काम से बाहर गया था। घर में उसकी पत्नी गोल्डी सिंह, बच्चे और मां ही थे। गोल्डी ने बताया कि रात 8 बजे के करीब वो घर में खाना बना रही थी। किचन की खिड़की सड़क की तरफ खुलती है। इसके चलते उसने देखा को दो बाइक में 4-5 गुंडे आए हैं। उनके हाथों में तलवार और डंडा था।

पिस्टल लेकर पहुंचा आरोपी

गोल्डी ने देखा कि उनके साथ रविशंकर नाम का युवक था। रविशंकर गोल्डी के पति सूरज के साथ 6 महीने पहले मछली का व्यवसाय करता था, बाद में लेन-देन के विवाद के चलते उन्होंने व्यापारिक संबंध तोड़ दिया था। गोल्डी ने बताया कि रविशंकर के हाथ में पिस्टल था। वो आते ही दरवाजा पीटने लगा। गोल्डी ने उसे कहा कि सूरज नहीं है बाद में आना।

इसके बाद रवि और आग बबूला हो गया। वो गुस्से में दरवाजा पीटने लगा। बोला भाभी सूरज को बाहर निकालो आज वो उसे जान से मार देगा। इससे घर के लोग डर गए और लाइट बंदकर के अंदर छिप गए। दरवाजा ना खुलने से नाराज रवि गुस्से में बाहर निकला और सड़क में हवाई फायर किया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए वो और उसके साथी वहां से चले गए।

व्यापारिक विवाद के चलते हुई घटना

सूरज सिंह ने बताया कि 5-6 महीने पहले वो और रविशंकर साथ में मछली का व्यवसाय शुरू किए थे। बीत में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद होने के चलते उसने उसके साथ काम बंद कर दिया। तब से रविशंकर उससे दुश्मनी रखता है। सूरज सिंह गोल्डी के साथ जाकर छावनी थाने में मामला दर्ज कराया है।

रात भर सड़कों पर दौड़ी पुलिस की गाड़ियां

गोली चलने की घटना के बाद छावनी टीआई मोनिका पांडेय तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर गईं। उन्होंने अलग-अलग सिपाहियों को रविशंकर और अन्य गुंडो का पता लगाने के लिए भेजा। इसके साथ छावनी सीएसपी हरीश पाटिल और एएसपी सुखनंदन राठौर भी वहां पहुंचे।

उन्होंने भी घटना स्थल और आसपास की जगहों का मुआयना किया। पुलिस ने एक दो संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं रविशंकर फरार है। छावनी टीआई मोनिका पांडेय का कहना है कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


Advertisement